विश्वविद्यालय में मेरिट आधार पर गठित एससीए वीरवार को शपथ ग्रहण करेगी। विवि के सभागार में होने वाले इस समारोह में कुलपति या फिर उनकी गैर मौजूदगी में प्रति कुलपति विश्वविद्यालय की आधी अधूरी एससीए को शपथ दिलाएंगे। एससीए के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विवि के अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. संजीव महाजन ने माना कि समारोह की तिथि और समय तय कर दिया है।
वीरवार को दोपहर बाद तीन बजे सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें त्यागपत्र देने के बाद शेष बचे 68 एससीए पदाधिकारी और मनोनीत विभागीय प्रतिनिधि सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। एचपीयू की गठित की गई एससीए के लिए मनोनीत हुए महासचिव और सह सचिव सहित आठ विभागीय प्रतिनिधियों ने शपथ लेने तथा पदभार संभालने से पहले ही पद पर कार्य न करने की इच्छा जताते हुए त्याग पत्र दे दिए हैं।
अब वीरवार को अध्यक्ष पद पर लाइफ लांग लर्निंग विभाग से मंजूला विष्ट उपाध्यक्ष पद पर और एमसीए विभाग की छात्रा पूजा परिहार शपथ ग्रहण करेगी। अन्य दो पदों पर मेरिट आधार पर मनोनीत छात्रों ने इस्तीफा दे दिया है। इसमें सचिव पद पर एमबीए छात्र अंशुल शर्मा और बायोटेक्नोलॉजी विभाग से छात्र मुंधेश्याम मनोनयन के बावजूद इस्तीफा देकर एससीए से किनारा कर चुके हैं।
इसलिए वे इस शपथ ग्रहण समारोह में शरीक नहीं होंगे। आठ विभागीय प्रतिनिधियों ने भी त्याग पत्र देकर एससीए का पार्ट न बनकर छात्र प्रतिनिधित्व करने से मना कर दिया है। इससे साफ है कि विवि के इस शपथ ग्रहण समारोह में 78 में से 68 मनोनीत छात्र प्रतिनिधि ही एससीए में शपथ लेकर पदभार संभालेंगे।
पहली बार मनोनीत एससीए लेगी शपथ
प्रत्यक्ष छात्र संघ चुनाव पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद यह पहला मौका होगा जब मेरिट आधार पर गठित विश्वविद्यालय की एससीए शपथ ग्रहण करेगी। पिछले सत्र में चारों मुख्य पदों पर मनोनीत छात्र प्रतिनिधियों के इस्तीफा दिए जाने और शपथ ग्रहण समारोह में किसी के हाजिर न होने से समारोह ही नहीं हो पाया था। पूरे सत्र में एचपीयू के छात्रों के प्रतिनिधित्व को एससीए नसीब नहीं हो पाई थी।