हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय एससीए ने पीजी कक्षा के परीक्षा फार्म भरने की तिथि को 25 अप्रैल तक बढ़ाने की मांग की है।
इस मांग को लेकर बुधवार को एससीए प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा नियंत्रक नरेंद्र अवस्थी से मुलाकात की। एससीए सचिव पीयूष सेवल और सह सचिव मोनिका ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय पहले तो समय से परीक्षा फार्म ही उपलब्ध नहीं करवा सका।
उस पर खराब मौसम और अप्रैल में कई दिन तक अवकाश के चलते छात्र परीक्षा फार्म नहीं भर पाए हैं। उन्होंने परीक्षा नियंत्रक से पीजी कक्षाओं के परीक्षा फार्म को भरने की तिथि को बढ़ाकर 25 अप्रैल करने की मांग की।
एससीए महासचिव पीयूष ने कहा कि परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि बुधवार को पूरा दिन छात्र घंटों फीस काउंटर और फार्म काउंटर पर प्रक्रिया पूरी करने के लिए खड़े रहे।
फीस जमा करवाने और फार्म लेने के लिए भीड़ में से बहुत छात्रों के फार्म जमा नहीं हो सके हैं। उधर, परीक्षा नियंत्रक ने भरोसा दिया है कि वे मामले पर विचार करेंगे।