उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में छात्रों के प्रवेश के मामले में रुड़की प्रदेश में नंबर वन है। रुड़की स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से संबद्ध अध्ययन केंद्रों पर अब तक 4855 छात्रों को प्रवेश दिया गया है, जबकि 4476 छात्रों के प्रवेश के साथ देहरादून दूसरे नंबर पर है। वहीं 4414 छात्रों के साथ हल्द्वानी तीसरे स्थान पर है।
बागेश्वर में सबसे कम 803 छात्रों ने ही प्रवेश लिया है। उत्तराखंड मुक्त विवि की ओर से प्रदेश के सभी क्षेत्रों में अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं।
इन केंद्रों पर विवि के 150 से अधिक पाठ्यक्रमों में दूरस्थ शिक्षा के अंतर्गत प्रवेश दिया जाता है। वर्ष 2013-14 में रुड़की स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में अब तक सबसे अधिक छात्रों को प्रवेश दिया गया है।
देहरादून दूसरे स्थान पर
क्षेत्रीय निदेशक डा. राजेश पालीवाल ने बताया कि रुड़की क्षेत्र के अध्ययन केंद्रों पर अब तक 4855 छात्रों को प्रवेश दिया जा चुका है, जबकि देहरादून दूसरे स्थान पर और हल्द्वानी तीसरे स्थान पर है। इसके अलावा अब तक पौड़ी में 2097 छात्र, उत्तरकाशी में 1845 छात्र, रानीखेत में 1116 छात्र, पिथौरागढ़ में 1068 छात्रों को प्रवेश दिया गया है।
बागेश्वर में सबसे कम 803 छात्रों को प्रवेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी विवि की ओर से प्रवेश की तिथि बढ़ाकर 31 मार्च कर दी गई है। क्षेत्रीय कार्यालय से संबद्ध रुड़की, हरिद्वार और कोटद्वार में 55 अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें छात्र प्रवेश के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में रुड़की क्षेत्र में छात्रों के प्रवेश का आंकड़ा छह हजार तक पहुंचने की संभावना है।