ऑल इंडिया प्री-मेडिकल टेस्ट (एआईपीएमटी) के लिए परीक्षा केंद्र बनाए गए सर्वोदय नगर स्थित रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल में शनिवार को उस समय जमकर हंगामा हुआ जब गेट पर एक अभ्यर्थी से कड़ा और कृपाण उतारने को कहा गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए विद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों का सामान गेट पर रखवा लिया।
धर्म विशेष की एक परीक्षार्थी ने कड़ा और कृपाण उतारने से मना कर दिया। इसको लेकर विद्यालय प्रशासन से उसकी काफी कहासुनी हो गई। परीक्षार्थी के अभिभावकों ने इस पर जमकर हंगामा कर दिया। अभिभावकों ने विद्यालय के खिलाफ गाजीपुर थाने में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है।
तीन मई को हुई एआईपीएमटी में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षा दोबारा कराने का आदेश दिया था। शनिवार को सीबीएसई ने परीक्षा का आयोजन किया। परीक्षा में गड़बड़ी न हो इसलिए सुप्रीम कोर्ट ने सुरक्षा व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा था।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी गाइड लाइन में प्रवेश पत्र को छोड़कर परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर कुछ भी ले जाने से मना किया गया था। घड़ी या किसी प्रकार की धातु ले जाने की भी मनाही थी। परीक्षार्थियों को जूते के बजाय चप्पल पहनकर जाना था। ऐसे में केंद्र पर परीक्षार्थियों की अंगूठी, घड़ी, इयर रिंग्स भी उतरवाए जा रहे थे।
आरएलबी की सर्वोदय नगर शाखा पर रायबरेली निवासी मनमीत कौर परीक्षा देने पहुंचीं। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का हवाला देकर गार्ड व टीचर्स ने परीक्षार्थी को कड़ा और कृपाण उतारने के लिए कहा।