होनहार स्टूडेंट्स के लिए पंजाब में खोले जा रहे छह रेजीडेंशियल स्कूल अगले सेशन से शुरू हो जाएंगे। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने बुधवार को अधिकारियों को हिदायत दी कि स्कूलों के निर्माण और भर्ती की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।
स्कूलों के लिए बनी सोसाइटी की मीटिंग में सीएम ने प्रगति का जायजा लिया। ये स्कूल मोहाली, बठिंडा, अमृतसर, पटियाला, लुधियाना और जालंधर में खोले जाएंगे। दसवीं में 80 फीसदी से ज्यादा अंक लेने वाले स्टूडेंट्स को यहां शिक्षा और रहन-सहन की सुविधा मुफ्त मिलेगी।
बादल ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की खुद निगरानी करने की हिदायत दी। साथ ही कहा कि फर्नीचर व अन्य सामान की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्टूडेंट्स को दाखिले व सुविधाओं के बारे में जागरूक करने के भी निर्देश दिए।
प्रधान सचिव अंजलि भांवरा ने बताया कि इन स्कूलों में मेडिकल, नॉन मेडिकल व कॉमर्स विषय होंगे। इंग्लिश स्पीकिंग और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट पर अलग सिलेबस होगा।
इस मौके शिक्षामंत्री सिकंदर सिंह मलूका, प्रधान सचिव गगनदीप बराड़ व गुरकीरत किरपाल सिंह, पीआईडीबी के एमडी अनुराग अग्रवाल, पीएसईबी की चेयरपर्सन डॉ. तजिंदर कौर धालीवाल भी मौजूद थीं।