पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा ली जाने वाले अतिरिक्त पंजाबी की परीक्षा 27 और 28 अप्रैल को होगी। इसके लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के मुख्यालय में ही सेंटर बनाया गया है।
वहीं बोर्ड ने साफ किया है कि परीक्षा में अपीयर होने वाले विद्यार्थियों को रोल नंबर घर के पते पर नहीं भेजे जाएंगे। बल्कि विद्यार्थी को बोर्ड की वेबसाइट से ही रोल नंबर हासिल करने होंगे। 23 अप्रैल को रोल नंबर वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
वेबसाइट पर न मिले रोल नंबर तो...
यदि किसी विद्यार्थी को अपना रोल नंबर वेबसाइट पर नहीं दिखता है, तो उसे परीक्षा के लिए भरी फीस की स्लिप व अपने असल दस्तावेज बोर्ड लेकर आने होंगे।
वहीं, रोल नंबर स्लिप को हेड मिस्ट्रेस, प्रिंसिपल व बोर्ड मेंबर से अटेस्टेड भी करवाना होगा। रोल नंबर को असिस्टेंट सेक्रेटरी व फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट के नीचे रैंक वाले अधिकारी अटेस्ट नहीं कर पाएंगे।
यहां करें लॉग इन
बोर्ड की वेबसाइट से रोल नंबर हासिल करने के लिए विद्यार्थियों को डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू पीएसईबी डॉट एसी डॉट इन पर लॉग इन करना होगा।
परीक्षा का शेड्यूल
बोर्ड ने परीक्षा के लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में केंद्र बनाया है। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए विद्यार्थियों को मुश्किल न आए। इसके चलते बोर्ड ने परीक्षा का समय सुबह ग्यारह बजे से दो बजे तक रखा है। बोर्ड द्वारा परीक्षा का रिजल्ट भी वेबसाइट पर ही डाला जाएगा। इसके अलावा सर्टिफिकेट विद्यार्थियों के घर के पते पर भेजे जाएंगे।