नए शिक्षा सत्र से 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुके विद्यार्थियों को सेक्टर-11 के गवर्नमेंट कॉलेज में स्थापित हो रहे कम्युनिटी कालेज में पढ़ाई करने का मौका मिल सकेगा। पीयू सिंडीकेट ने कम्युनिटी कालेजों को लेकर गठित समिति की सिफारिशों को मंजूरी दे दी।
कमेटी ने सेक्टर-11 स्थित गवर्नमेंट कालेज के अलावा लुधियाना स्थित एससीडी गवर्नमेंट कालेज में कम्युनिटी कालेज शुरू करने की सिफारिश की थी।
कम्युनिटी कालेज में रिटेल मैनेजमेंट एंड टूरिज्म और फाइनेंस सर्विस कोर्स शुरू किए जाएंगे। प्रत्येक कोर्स में 30 सीटों पर दाखिला होगा। कोर्स पूरा होने पर युवाओं को कैंपस प्लेसमेंट भी कराई जाएगी।
सिंडीकेट ने पीयू के दशहरे ग्राउंड को क्रिकेट ग्राउंड में तब्दील करने का फैसला लिया है। इस पर 8.08 लाख रुपये खर्च होंगे। साथ ही पीयू की शूटिंग रेंज में 25 लाख रुपये की लागत से एसी प्लांट लगाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी। सिंडीकेट ने निगरानी कमेटियों की रिपोर्ट को भी मंजूरी दी।
उधर, सिंडीकेट ने डीवीएस जैन कमेटी की रिपोर्ट को अस्वीकर करते हुए सेक्टर-46 स्थित आयुर्वेदिक कालेज के विद्यार्थियों को न तो दाखिला देने का फैसला लिया और न ही फाइनल ईयर के छात्रों के पेपर लेने की मंजूरी दी।
सिंडीकेट ने कहा कि इस मामले में जो भी फैसला लेना है वह आयुष ही लेगी। अब इस मामले में पीयू की एक कमेटी आयुष के पास जाएगी।
एपीआई स्कोर होगा लागू
सिंडीकेट ने पंजाब सरकार के प्रिंसिपल सेक्रेटरी, हायर एजुकेशन की ओर से कालेज प्रिंसिपल और असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति के लिए एपीआई नियमों संबंधी पत्र को मंजूरी दी है। इसके साथ ही अब पंजाब के कालेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति एपीआई स्कोर पर होगी।
साथ ही प्रिंसिपल के पद पर पदोन्नति और प्रोफेसर व एसोसिएट प्रोफेसर के पदों पर पदोन्नति भी एपीआई स्कोर पर होगी। नए नियमों के तहत प्राइवेट कालेज में प्रिंसिपल की नियुक्ति का कार्यकाल पांच से बढ़ाकर 10 साल कर दिया जाएगा। पंजाब के कालेजों के साथ-साथ चंडीगढ़ के कालेजों में भी अब एपीआई स्कोर लागू होगा।
सेमेस्टर सिस्टम पर नहीं हुई चर्चा
पंजाब यूनिवर्सिटी से संबद्घ कालेजों में नए शिक्षा सत्र से अंडर ग्रेजुएट कोर्सों में सेमेस्टर सिस्टम शुरू करने के प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी। बैठक के सप्लीमेंटरी एजेंडा में यह मुद्दा था, लेकिन समय कम होने के कारण सप्लीमेंटरी एजेंडे पर चर्चा ही नहीं हो सकी। इससे अब सीनेट में भी इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हो पाएगी।
प्रो. स्वामीनाथन को मानद डिग्री
पंजाब यूनिवर्सिटी की ओर से जाने माने कृषि वैज्ञानिक प्रो. एमएस स्वामीनाथन को डॉक्टरेट ऑफ साइंस की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। प्रो. स्वामीनाथन के लिए पीयू की ओर से जल्द ही विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
छात्रों ने किया विरोध
पीयू के कुलपति कार्यालय के बाहर फीस बढ़ोतरी के विरोध में बैठे स्टूडेंट्स फॉर सोसायटी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रशासनिक ब्लाक के बाहर सिंडीकेट बैठक के दौरान विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सिंडीकेट से फीस बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की। छात्रों की भूख हड़ताल चौथे दिन प्रवेश कर गई। शनिवार को पुलिस ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्र रमिंदर को अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास भी किया, लेकिन छात्रों ने उन्हें ले जाने नहीं दिया।
सिंडीकेट के अन्य फैसले
- पीयू के यूसोल स्थित डिपार्टमेंट ऑफ कामर्स का नाम बदलकर डिपार्टमेंट ऑफ कामर्स एंड मैनेजमेंट स्टडी करने के प्रस्ताव पर लगी मुहर
- पीयू के पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के प्रो. अनिल मोंगा को पीयू डीन एल्यूमनी रिलेशन नियुक्त करने का प्रस्ताव मंजूर
- फजिल्ला के नेशनल कालेज फॉर गर्ल्स को शो कॉज नोटिस देने का फैसला
- पीयू के डिफेंस एंड नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज और इंस्टीट्यूट ऑफ डिफेंस स्टडीज एंड एनलेसिस के बीच समझौते पर मुहर