पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव की सोमवार शाम को घोषणा कर दी गई। आगामी 26 अगस्त को 2015-16 सत्र की स्टूडेंट काउंसिल के लिए मतदान होगा। शहर के 11 प्राइवेट और सरकारी कॉलेजों में भी इसी दिन वोटिंग होगी। चुनाव के शेड्यूल की घोषणा के साथ ही पीयू और कॉलेजों में कोड ऑफ कंडक्ट लागू हो गया है।
सोमवार को पीयू डीएसडब्ल्यू प्रो. नवदीप गोयल और चीफ सिक्योरिटी अफसर डॉ. जितेंद्र ग्रोवर ने पीयू छात्र संघ चुनाव का शेड्यूल जारी कर दिया। चंडीगढ़ प्रशासन के गृहसचिव और चंडीगढ़ पुलिस से 26 अगस्त को चुनाव कराने की चिट्ठी जारी होते ही पीयू में चुनाव की घोषणा कर दी गई।
पीयू के करीब 70 विभागों में 14 हजार से अधिक स्टूडेंट्स अपने मत का प्रयोग करेंगे। 17 अगस्त तक पीयू और कॉलेजों में दाखिला लेने वाले स्टूडेंट्स मतदान में हिस्सा ले सकेंगे। जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
20 अगस्त को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख होगी। इसी दिन शाम तक चुनाव मैदान में उतरने वाले फाइनल कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
ये रहेगा चुनाव का शेड्यूल
19 अगस्त
9.30 से 10.30 बजे तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
10.31 बजे आवेदनों की जांच होगी।
12 बजे आवेदन करने वालों की लिस्ट नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी।
12.30 से 1.30 बजे तक आपत्ति दर्ज करवाई जा सकती है।
2.30 प्रोविजनल लिस्ट डीएसडब्ल्यू दफ्तर भेजी जाएगी।
20 अगस्त
10 बजे अप्रूव कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी होगी।
10.30 से 12 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय होगा।
12.30 बजे कैंडिडेट्स की फाइनल लिस्ट डीएसडब्ल्यू दफ्तर भेजी जाएगी।
3 बजे कैंडिडेट्स की फाइनल लिस्ट जारी होगी।
26 अगस्त
9.30 बजे से सभी विभागों में मतदान शुरू होगा।
11 बजे पोलिंग के बाद सभी मतदान बॉक्स जिम्नेजियम हाल में जमा कराने होंगे।
12 बजे सभी विभागों में डीआर रिजल्ट की लिस्ट नोटिस बोर्ड पर जारी होगी।
12 बजे मुख्य कार्यकारिणी सदस्यों के लिए काउंटिंग शुरू होगी और शाम 5 बजे तक रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।
27 अगस्त
12 बजे सभी विभाग डीआर का रिजल्ट डीएसडब्ल्यू दफ्तर में भेजेंगे।
1 सितंबर
11 बजे पीयू फिजिक्स ऑडिटोरियम में एग्जीक्यूटिव इलेक्शन के लिए डीआर और अन्य काउंसिल सदस्य हिस्सा लेंगे।
चुनाव तक आउटसाइडर की एंट्री पर पूरी तरह रोक
सोमवार को पीयू और कॉलेजों में छात्र काउंसिल चुनाव की घोषणा के साथ ही कोड ऑफ कंडक्ट लागू हो गया। चीफ सिक्योरिटी अफसर डॉ. जितेंद्र ग्रोवर ने कहा कि चुनाव तक किसी भी आउटसाइडर को बिना अनुमति एंट्री नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी हॉस्टल में चुनाव तक गेस्ट की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई है। सभी हॉस्टल वार्डन 26 अगस्त तक देर रात हॉस्टल में चेकिंग करेंगे। पुलिस भी अब आउटसाइडर पकड़ने के लिए रेड करेगी। पीयू कैंपस और हॉस्टल में आईकार्ड दिखाने पर ही एंट्री होगी।
आज छात्र नेताओं की होगी मीटिंग
पीयू प्रशासन ने छात्र काउंसिल चुनाव शांतिपूर्वक करवाने के लिए मंगलवार को 1 बजे सभी छात्र संगठन के नेताओं की मीटिंग बुलाई है। दोपहर 3 बजे चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी विभागाध्यक्षों की मीटिंग बुलाई गई है।