देश की नंबर वन यूनिवर्सिटी का तमगा पाने वाली पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) अब पब्लिक डीलिंग में नंबर वन रैंकिंग पाने में जुट गई है।
पीयू की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक बिल्डिंग में आने वाले स्टूडेंट और अभिभावकों का बिल्कुल कारपोरेट ऑफिस की तर्ज पर वेलकम किया जाएगा। सिक्योरटी गार्ड को सभी के साथ अदब से पेश आने की स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी।
सीनियर सिटीजन को भी किसी सर्टिफिकेट के लिए प्रशासनिक ब्लॉक की पांच मंजिलों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। फर्स्ट फ्लोर पर ही उनकी मदद के लिए कर्मचारी तैनात होंगे।
पीयू में नए सिस्टम के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की तैयारी जारी है। फर्नीचर और डेकोरेशन का काम चल रहा है। मार्च के अंत तक लोगों को पीयू के प्रशासनिक ब्लॉक का गेटअप एकदम बदला मिलेगा। पीयू के कुलपति खुद इस काम में पूरी रुचि ले रहे हैं।
ग्राउंड फ्लोर पर हेल्प डेस्क पर होगा स्वागत
रिजल्ट, माइग्रेशन जैसे रूटीन काम के लिए हर रोज पीयू प्रशासनिक ब्लॉक में 500 से 700 स्टूडेंट और अभिभावक आते हैं। इन सभी का अब हेल्प डेस्क पर हंसते हुए चेहरे वेलकम करेंगे।
दो ट्रेंड कर्मचारियों की यहां सुबह 9 से शाम 5 बजे तक ड्यूटी लगाई जाएगी जोकि बाहरी लोगों को संबंधित अधिकारी के पास पहुंचाने और काम को जल्द कराने में मदद करेंगे।
पीयू (एएंडआर) में असिस्टेंट रजिस्ट्रार धर्मपाल शर्मा ने कहा कि ग्राउंड फ्लोर पर विजिटिंग रूम का काम शुरू हो चुका है। एकदम नए डिजाइन में 30 विजिटर्स के लिए शानदार सोफे और कुर्सी लगेंगी। यह पूरी तरह एसी होगा और लोगों को अखबार और पानी भी सर्व होगा। यहां एलसीडी भी लगाई जा रही है।
पीयू डायरेक्टर पब्लिक रिलेशन दफ्तर से लेकर रजिस्ट्रार और कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन फ्लोर पर नए पर्दे लगाने का काम अंतिम चरण में है। गेट पर खड़े होने वाले सिक्योरटी गार्ड के लिए भी नया कैबिन तैयार करने का प्रपोजल है।
पूरी बिल्डिंग में लगाए नए साइनबोर्ड
प्रशासनिक बिल्डिंग को नई लुक देने का काम जोरों पर है। एंट्री करते ही नीले रंग के साइन बोर्ड पर अधिकतर जानकारी मिल जाती है।
ग्राउंड फ्लोर पर बने मेन बोर्ड पर बिल्डिंग के सभी पांच फ्लोर पर संबंधित डीलिंग अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी है। अधिकारियों से मिलने और जरूरी हिदायतों का उल्लेख भी किया गया है।
पूरी बिल्डिंग में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे ताकि हर कर्मचारी पर अधिकारी नजर रख सके। दूसरे चरण में डिजिटल साइन बोर्ड का काम शुरू हो चुका है।
जल्द ही कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन की अध्यक्षता में डिजिटल बोर्ड की खरीद पर फैसला होगा। बाहरी लोगों को डिजिटल साइनबोर्ड पर अपडेट जानकारी मिलेगी।
पीयू प्रशासन लोगों की मदद के लिए हेल्प डेस्क पर नया हेल्पलाइन नंबर भी शुरू करने की तैयारी में है।
पीयू ने एकेडमिक स्तर पर खुद को साबित किया है। दुनिया की नामी यूनिवर्सिटी के बराबर खड़ा करने के लिए पब्लिक डीलिंग को भी बेहतर बनाना जरूरी है। अगले साल भर में प्रशासनिक ब्लॉक को पूरी तरह पब्लिक फ्रेंडली बनाने का लक्ष्य है। पूरे प्रोजेक्ट पर एक कमेटी काम कर रही है। नए बदलावों को सभी ने काफी पसंद किया है।
- डा. परविंदर सिंह, कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन, पीयू