पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस में पढ़ने वाले युवाओं का दिन बेशक स्टूडेंट सेंटर पर गुजरता है, तो शाम दोस्तों के साथ पीयू मार्केट में बीतती है।
50 साल पहले बनी पीयू कैंपस मार्केट में वक्त के साथ काफी बदलाव आए, लेकिन मार्केट की रौनक अभी भी बरकरार है। युवाओं की जरूरत के हिसाब से यहां बुक शॉप, ब्यूटी पार्लर से लेकर रेस्टोरेंट और आईस्क्रीम पॉलर भी खुल चुके हैं।
सुबह 9 से शाम 9 बजे तक पीयू मार्केट में युवाओं से पूरी चहल पहल रहती है। किताबें से लेकर फोटोस्टेट, कपड़ों की खरीदारी और आईस्क्रीम की चुस्की लेने के लिए पीयू मार्केट हमेशा हॉट स्पॉट रहता है। पीयू मार्केट में कुल 66 दुकानें हैं।
पीयू मार्केट की यादें बसी हर दिल में
पीयू मार्केट में आने वाला शायद ही पीयू मार्केट स्थित सबसे पुरानी बुक शॉप लायल बुक डिपो और आत्मा राम एंड संस का चक्कर लगाए बिना नहीं जाता।
लॉयल बुक डिपो के विशाल अरोड़ा बताते हैं कि उनके पिता वेद प्रकाश अरोड़ा ने 1961 से बुक शॉप शुरू की। उनका कहना है कि यहां से किताबें खरीद पढ़ने वाले आज देश ही नही दुनिया भर में बड़े पदों पर बैठे हैं।
बरसों बाद भी कैंपस में आने पर पुराने स्टूडेंट जरुर आते हैं। मार्केट के एकमात्र सुखबीर स्टूडियों पर लगी बरसों पुरानी फोटो पीयू की पुरानी यादों को ताजा करने के लिए काफी हैं। सुखबीर गुप्ता बताते हैं कि पीयू से ही डिग्री करने वाले स्टूडेंट यहां पर कुलपति बने। पीयू में पिछले 40 सालों से होने वाली हर कनवोकेशन के सुखबीर गवाह हैं।
मार्केट में 20 सालों से खुला वेरका मिल्क बार पर भी हर वक्त भीड़ लगी रहती है। मनीष बताते हैं कि युवाओं को यहां की ओरेंज बार आईस्क्रीम सबसे अच्छी लगती है। पनीर के पकौड़े और समोसे का दिल करे या फिर मीठी इमरती खाने का। पीयू मार्केट स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी स्वीट्स और यूनिवर्सिटी स्वीट्स पर हर शाम युवाओं की खूब भीड़ रहती है।
कैंपस मार्केट में जरूरत की हर चीज मौजूद
पीयू मार्केट में आने वाले युवाओं का कहना है कि बरसों पुरानी मार्केट में कैंपस में रहने वाले विद्यार्थियों की हर जरूरत को पूरा कर देती है। किताबों से लेकर, दवाई, ब्रांडेड कपड़े सहित सभी चीजें दुकानों पर आसानी से मिल जाती हैं।
यूआईएलएस छात्रा संगमित्रा सिंह का कहना है कि कैंपस मार्केट में विद्यार्थियों की जरुरत का हर सामान आसानी से मिल जाता है। फोटो स्टेट से लेकर खाने की काफी वेरायटी मार्केट में उपलब्ध है।
यूआईईटी छात्र सिद्धार्थ ने कहते हैं कि उनके पीयू कैंपस में सबसे अच्छा यहां फोटोस्टेट की काफी दुकानें हैं, लेकिन इंजीनियरिंग किताबों की वेरायटी कम होने के कारण सेक्टर-15 या 17 में जाना पड़ता है। हर रोज पीयू मार्केट का एक चक्कर नहीं लगे तो कुछ मीसिंग लगता है।
बीएससी दूसरे वर्ष के छात्र राहुल कहते हैं कि मार्केट का कूल माहौल उन्हें अच्छा लगता है। हॉस्टलर के लिए मार्केट काफी उपयोगी है। लेकिन बेकरी के सामान की कम वेरायटी है।
आर्ट हिस्ट्री में पीएचडी कर रही विकास कहती हैं कि जिस तरह पीयू में स्टूडेंट सेंटर हॉट स्पॉट है उसी तरह पीयू मार्केट में स्टूडेंट का खास मीटिंग प्वाइंट है। शाम को तो यहां पर हमेशा खुशनुमा माहौल होता है।