पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। पंजाब के शिक्षामंत्री सिंकदर सिंह मलूका ने रिजल्टर रिलीज किया। उनके साथ रिजल्ट बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. तेजिंदर कौर धालीवाल भी मौजूद रहीं।
ओवरऑल रिजल्ट 84.42 प्रतिशत रहा। इस बार रिजल्ट में लड़कियों ने बाजी मारी। गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फाजिल्का की मुस्कान वर्मा 448 नंबर लेकर पूरे पंजाब में पहले स्थान पर रहीं।
मुस्कान ने कुल 99.56 फीसदी अंक प्राप्त किए। स्प्रिंग बैल्स पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, संगरूर की डेजी गर्ग 442 नंबर (98.22%) लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। जीटीवी खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मलोट की चारू 441 नंबर (98%) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
इस बार परीक्षा में तीन लाख के करीब स्टूडेंट्स विभिन्न स्ट्रीम में अपीयर हुए थे। रिजल्ट देखने के लिए विद्यार्थियों को बोर्ड की वेबसाइट www.pseb.ac.in पर लॉगिन करना होगा। बोर्ड ने रिजल्ट का कोई गजट तैयार नहीं कराया है। यह पहला मौका है जब बोर्ड द्वारा मई के शुरू में ही रिजल्ट घोषित किया है।