शिक्षा विभाग ने नए नियुक्त किए गए टीचर्स को बड़ा तोहफा देते हुए खास घोषणा की है। यह वर्क स्टेशन से जुड़ी है। विभाग ने टीचरों को उनकी पसंद के स्टेशन देने का फैसला किया है।
विभाग ने हाल ही में 563 टीचरों की नियुक्ति की है। इन सभी को इनकी पसंद के मुताबिक स्टेशन दिए जाएंगे। शिक्षामंत्री डॉ. दलजीत चीमा ने विशेष निर्देश दिए थे कि टीचरों को वहां तैनात किया जाए, जहां वे चाहते हैं।
शिक्षा विभाग कुल 5178 टीचरों की भर्ती करने जा रहा है। इनमें से 563 टीचरों की नियुक्ति हाल ही में की गई है। इनमें पंजाबी, अंग्रेजी व सामाजिक शिक्षा विषय के टीचर शामिल हैं। इन सभी को इनकी मर्जी के स्टेशन अलॉट किए जाएंगे। इसके लिए टीचरों को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में स्थित डीपीआई दफ्तर बुलाया गया है।
बुलाए गए उम्मीदवारों के नाम और अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट पर भी अपलोड की गई है। पंजाबी के पचास टीचरों को बीस नवंबर को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक स्टेशन अलॉट किए जाएंगे। जबकि, अंग्रेजी के 101 टीचरों को इसी दिन दोपहर एक से शाम पांच बजे तक स्टेशन दिए जाएंगे।
सामाजिक शिक्षा विषय के लिए चुने गए 402 उम्मीदवारों को 21 नवंबर को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक स्टेशन अलॉट किए जाएंगे। सभी उम्मीदवार अपनी मेरिट के मुताबिक खाली स्टेशनों की लिस्ट देख कर अपनी पसंद का स्टेशन चुन सकेंगे। उन्हें स्टेशन अलॉटमेंट के लिए स्वीकारता पत्र और अन्य दस्तावेज मौके पर देने होंगे।
अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित समय पर नहीं पहुंचेगा तो उसे दोबारा मनपसंद स्टेशन चुनने का मौका नहीं मिलेगा। ऐसे उम्मीदवारों को विभाग अपने स्तर पर ही स्टेशन अलॉट कर देगा।
गौरतलब है विभाग ने दिसंबर-14 में टीचरों की नियुक्ति की थी। पर कई टीचरों का चयन दो विषयों में हो गया था। जिसके बाद पद खाली रह गए थे। उन्हीं को भरने के लिए 563 टीचरों की नियुक्ति की गई है।