डीएवी कॉलेज देहरादून में ओएमआर शीट में मामूली गलती की वजह से मेरिट से बाहर हुए छात्रों को एडमिशन दिलाने के लिए छात्रसंघ ने प्राचार्य का घेराव किया। देर शाम छात्रों ने कॉलेज में तालाबंदी कर दी। हालांकि, प्राचार्य ने साफ किया कि मेरिट रिवाइज नहीं की जा सकती।
प्राचार्य ने वार्ता को बुलाया
शनिवार को छात्रसंघ अध्यक्ष पारस गोयल, महासचिव जगबीर सिंह असवाल छात्रों संग प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन के पास पहुंचे। आरोप लगाया कि 70 प्रतिशत से ऊपर अंक होने के बावजूद कई छात्रों को मेरिट में शामिल नहीं किया गया है। एक घंटे तक घेराव के बाद प्राचार्य ने जांच कर शाम को वार्ता के लिए बुलाया।
शाम को छात्र पहुंचे तो प्राचार्य ने बताया कि जिन छात्रों के नाम नहीं आए हैं, उन्होंने ओएमआर शीट गलत भरी थी। इस पर छात्रों ने मांग की कि मामूली गलती पर दाखिले से वंचित न रखा जाए। इस पर प्राचार्य के साथ छात्रों की तीखी बहस भी हुई।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन का कहना था कि छात्र अपनी गलती से मेरिट में नहीं आ सके। उनके लिए मेरिट रिवाइज नहीं की जा सकती। देर शाम विरोध में छात्रों ने कॉलेज के कंट्रोल रूम में तालाबंदी कर दी।
छात्रों ने चेतावनी दी कि वंचित छात्रों को एडमिशन न मिला तो आंदोलन तेज किया जाएगा। घेराव करने वालों में सचिन थपलियाल, अंशुल चावला, आशीष रावत सहित कई छात्रनेता शामिल रहे।
देर शाम जारी हुई वेटिंग लिस्ट
डीएवी कॉलेज में दिनभर हंगामे के बाद देर शाम एलएलबी और बीएससी सीबीजेड की वेटिंग लिस्ट जारी कर दी गई। मॉर्निंग शिफ्ट में प्रथम मेरिट के बाद भी करीब 30 प्रतिशत बीए, बीएससी और बीकॉम की सीटें खाली रह गई हैं। शनिवार को छात्रों के हंगामे से वेटिंग लिस्ट जारी नहीं हो सकी।
शाम को दो कोर्स की लिस्ट जारी की गई। प्राचार्य डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि बीकॉम की वेटिंग लिस्ट तैयार है। इसे जल्द वेबसाइट पर जारी किया जाएगा। बीए और बीएससी पीसीएम की लिस्ट सोमवार तक जारी होगी।
यह है कटऑफ
एलएलबी: सामान्य (66.05), एससी (55.51), एसटी (59.74), ओबीसी (60.9)
बीएससी सीबीजेड: सामान्य (67.8), एससी (52.2), एसटी (58.8), ओबीसी (65.04)
यहां देखें लिस्ट : www.davpgcollege.com