पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा 2015 सत्र से 5 फीसदी फीस बढ़ोतरी के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को पीयू कैंपस में कई छात्र संगठनों ने इसके खिलाफ प्रशासन को ज्ञापन दिया और फिर काफी देर तक नारेबाजी भी की।
छात्र नेताओं ने पीयू प्रशासन को तुरंत फैसले को वापस लेने के लिए कहा। बुधवार दोपहर को सोसाइटी फॉर स्टूडेंट और डा.अंबेडकर स्टूडेंट एसोसिएशन छात्र संगठनों ने वीसी दफ्तर के सामने काफी देर धरना दिया।
छात्र नेता प्रभप्रीत सिंह ने कहा कि पीयू द्वारा फीस बढ़ाने का फैसला पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी पीयू ने फीस बढ़ाई है।
मामले को लेकर शाम को पीयू कुलपति प्रो.अरुण कुमार ग्रोवर, डीएसडब्ल्यू प्रो.नवदीप गोयल और कुछ छात्र नेताओं की मीटिंग हुई। लेकिन मामले में कोई फैसला नहीं हो सका। उधर, पीयू प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि खर्च को पूरा करने के लिए फीस बढ़ाना जरूरी है।
डीएसडब्ल्यू प्रो. नवदीप गोयल ने कहा कि बढ़ी फीस का आधे से अधिक हिस्सा विद्यार्थियों के वेलफेयर पर ही खर्च होगा। मामले को लेकर आने वाले दिनों में छात्र नेताओं और पीयू प्रशासन के बीच मामला उलझ सकता है।