शहर के करीब 40 गवर्नमेंट मॉडल और नॉन मॉडल स्कूलों में बुधवार से 11वीं में दाखिले की दौड़ शुरू होने जा रही है। बुधवार से दाखिले के लिए प्रास्पेक्टस मिलने शुरू हो जाएंगे।
छात्र 20 जून को दोपहर 1 बजे तक फार्म जमा कर सकते हैं। 27 जून को 4 बजे तक शिक्षा विभाग की वेबसाइट www.chdeducation.gov.in पर कॉमन मेरिट सूची जारी होगी।
छात्र इस वेबसाइट पर ऑनलाइन फार्म भी भर सकते हैं। 28 जून को दोपहर दो बजे तक कॉमन मेरिट सूची को लेकर आपत्तियां दायर की जा सकती हैं। 1 जुलाई को सुबह 11 बजे सीट अलॉटमेंट की सूची जारी होगी और 2 और 3 जुलाई को छात्र संबंधित स्कूल में फीस जमा करा पाएंगे। 4 जुलाई से कक्षाएं शुरू होंगी। प्रास्पेक्टस की कीमत 130 रुपये है।
आवेदन के लिए 15 हजार के करीब प्रॉस्पेक्टस प्रिंट कराए गए हैं। विद्यार्थी सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक प्रास्पेक्टस ले सकते हैं। इस बार सरकारी स्कूलों में विभिन्न संकायों की करीब 13 हजार सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। आर्ट्स में लगभग 6000, साइंस में 3000, कामर्स में 2350 और वोकेशनल की करीब 2000 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यूटी के शिक्षा विभाग ने हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। 14 प्रिंसिपलों और शिक्षकों को छात्रों की मदद के लिए लगाया गया है। छात्र इन शिक्षकों को फोन कर आवेदन फार्म भरने की जानकारी ले सकते हैं। छात्रों को फार्म भरने के दौरान विकल्प भरने होते हैं, लेकिन सही विकल्प न भर पाने के कारण कई बार छात्रों को अपने पसंद के स्कूल में दाखिला नहीं मिल पाता है।
यहां मिलेंगे प्रास्पेक्टस
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-46
गवर्नमेंट गर्ल्स मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-20
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-37 बी
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-10
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एमएचसी, मनीमाजरा
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल-28