जामिया मिल्लिया इस्लामिया के नए कुलपति प्रोफेसर तलत अहमद पांच मई को पदभार संभालेंगे। जामिया के कुलपति नजीब जंग के राज्यपाल बनने के बाद से पद खाली था। हालांकि प्रोफेसर एसएम साजिद नौ महीनों से कार्यवाहक कुलपति के रूप में कामकाज देख रहे थे।
राष्ट्रपति ने नए कुलपति के लिए भू-वैज्ञानिक प्रोफेसर अहमद के नाम पर हरी झंडी दे दी है, लेकिन अभी तक उन्होंने कश्मीर विश्वविद्यालय के कुलपति के पद से इस्तीफा नहीं दिया है। सूत्रों के मुताबिक, इन दिनों प्रोफेसर तलत रुड़की के दौरे पर हैं और इसी हफ्ते कश्मीर पहुंचकर अपने पदभार किसी अन्य को देंगे।
प्रोफेसर अहमद तीन साल से कश्मीर विश्वविद्यालय के कुलपति हैं। इससे पहले वे दिल्ली विश्वविद्यालय में जियोलॉजी विभाग में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
मूल रूप से झारखंड निवासी प्रोफेसर अहमद ने एमएससी इन जियोलॉजी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय तो पीएचडी की डिग्री वर्ष 1985 में जेएनयू से की है। इसके अलावा आगे की उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने विदेशी विश्वविद्यालयों में भी पढ़ाई कर चुके हैं।
खास बात यह है कि प्रोफेसर अहमद ने 19 सालों तक जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया में भू-वैज्ञानिक के तौर पर सेवाएं दी हैं। जिसमें हिमालय को समझने में सबसे अधिक योगदान शामिल है। जामिया में नए कुलपति के पदभार संभालने की तैयारी चल रही है।