उत्तराखंड में प्रोफेशनल कोर्स चलाने वाले 60 कॉलेजों का भविष्य अंधकार में है।
अब तक कोई आदेश जारी नहीं
एक साल पहले शासन की ओर से प्रोफेशनल कोर्स चलाने वाले इन कॉलेजों को श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध करने पर सहमति तो बनी थी लेकिन अब तक कोई आदेश जारी नहीं हो पाया है।
नए सत्र की संबद्धता न तो यूटीयू से है और न ही श्रीदेव सुमन विवि से। इस वजह से नए सत्र के दाखिलों पर संकट मंडरा रहा है।
गत वर्ष शासन में हुई बैठक में यूटीयू के सभी प्रोफेशनल कॉलेजों को श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध करने की बात सामने आई। बाद में इस पर विवाद हुआ तो पुराने कोर्स के छात्रों को यूटीयू से ही संबद्ध रखा गया।
नए सत्र 2014-15 से प्रोफेशनल कॉलेजों को श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध होना था। लेकिन जब मीटिंग के मिनट्स आए तो पता चला कि उसमें स्थिति साफ नहीं थी।
इसके चलते श्रीदेव सुमन विवि इन कॉलेजों को संबद्ध नहीं कर पाया है। विवि ने दो बार शासन को रिमाइंडर भी भेज दिया है लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। इस वजह से 60 प्रोफेशनल कालेजों का नया सत्र अधर में लटका हुआ है।
इन पाठ्यक्रमों में प्रथम वर्ष के दाखिले अटके
बीबीए, बीसीए, एमसीए, एमबीए, बीएससी एग्रीकल्चर, बीएससी फ्लोरिकल्चर, बीएससी आईटी, एमएससी आईटी, बैचलर आफ होटल मैनेजमेंट आदि।
संबद्धता न मिलने तक यह होगी दिक्कत
दाखिलों को लेकर हर विवि की अपनी कार्यप्रणाली है। जैसे यूटीयू में होटल मैनेजमेंट सहित कई पाठ्यक्रमों के लिए अलग से यूकेएसईई प्रवेश परीक्षा कराई जाती थी।
लेकिन श्रीदेव सुमन विवि में अभी तक यह भी साफ नहीं है कि नए सत्र के दाखिले किस आधार पर किए जाएंगे।
अगर विवि प्रवेश परीक्षा कराएगा तो निश्चित तौर पर सत्र काफी लेट हो जाएगा। दोनों तरफ छात्रों को ही इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
अभी तक शासन की ओर से प्रोफेशनल कालेजों की संबद्धता संबंधी आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। जैसे ही शासनादेश आएगा तो प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी जाएगी।
- प्रो. एके तिवारी, कुलसचिव, श्रीदेव सुमन विवि