श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के प्राइवेट परीक्षा फॉर्म मंगलवार से 500 रुपए महंगे हो गए। विवि द्वारा लागू व्यवस्था के तहत 24 फरवरी से आवेदन पत्रों पर विलंब शुल्क वसूला जाना है।
यह रकम वही डाकघर वसूलेंगे, जहां से आवेदक फॉर्म खरीदेंगे। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 28 फरवरी है।
श्रीदेव सुमन विवि के उपकुलसचिव हंसराज बिष्ट ने बताया कि विवि के पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 24 फरवरी से डाकघर से प्राइवेट फॉर्म खरीदने वाले युवाओं को 500 रुपए अतिरिक्त बतौर विलंब शुल्क देने होंगे।
यानी स्नातक का 1350 रुपये वाला फॉर्म मंगलवार से 1850 रुपए में मिलेगा जबकि परास्नातक का 1450 रुपए वाला फॉर्म 1950 रुपए में मिलेगा। विवि ने पहले ही साफ कर दिया है कि 28 फरवरी के बाद तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी।