स्कूलों में अब बच्चों को गणित और विज्ञान का हौव्वा नहीं सताएगा। बच्चे खेल-खेल में इन दोनों विषयों को पढ़ेंगे। सर्व शिक्षा अभियान में बिलासपुर में ‘प्रयास’ नाम से प्रोजेक्ट शुरू हुआ है। बच्चों में मॉडल के जरिये इन दोनों विषयों में रुचि बढ़ाई जाएगी।
अगर यह प्रोजेक्ट सफल रहा तो पूरे प्रदेश में इसे लागू किया जाएगा। प्रोजेक्ट का पहला चरण नवंबर माह में पूरा किया जा चुका है। जबकि इसका दूसरा तथा अंतिम चरण जनवरी माह के तीसरे सप्ताह में शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम के दूसरे चरण के समापन के बाद इसका एंडलाइन सर्वे फरवरी में होगा।
कार्यक्रम की रिपोर्ट शिमला भेजी जाएगी। इसके बाद प्रदेश के दूसरे जिलों में इसका शुभारंभ किया जाएगा। जिला परियोजना अधिकारी -एसएसए/ आरएमएस जेएस राव ने बताया कि कार्यक्रम का पहला चरण नवंबर माह में पूरा किया जा चुका है।
इसमें सभी खंडों के स्कूलों के बच्चों ने गणित विषय में 12 तथा विज्ञान विषय में 20 मॉडलों को मेले में प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का द्वितीय चरण जनवरी माह के तीसरे सप्ताह में होगा।
इसमें सभी स्कूलों के छठी से लेकर आठवीं कक्षा तक के बच्चे शेष बचे मॉडलों को अध्यापकों के मार्गदर्शन में तैयार करके लोगों के समक्ष प्रदर्शित करेंगे। राव ने सभी अध्यापकों से आह्वान किया कि इन मॉडलों का निर्माण बच्चों से करवाएं। एसएसए ने इन मॉडलों के निर्माण से संबंधित सामग्री पहले ही उपलब्ध करवा दी है।