विश्वविद्यालय में बिना आई कार्ड छात्रों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सोमवार को भी विश्वविद्यालय में पूरे दिन दहशत का माहौल रहा।
रविवार को एसएफआई और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई लड़ाई के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप धवल की अगुवाई में पुलिस ने हॉस्टलों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध छात्रों के कमरों की तलाशी ली गई।
हालांकि तलाशी के दौरान पुलिस को हॉस्टल के कमरों से हथियार नहीं मिले हैं लेकिन एहतियात के तौर पर बिना आई कार्ड विवि और हॉस्टलों में छात्रों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में क्विक रिएक्शन टीम भी तैनात रही।
रविवार रात विश्वविद्यालय हॉस्टल में एसएफआई और एबीवीपी के बीच संघर्ष के बाद दोनों संगठनों ने थाना बालूगंज में एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज करवाई है।
डीएसपी विश्वविद्यालय शिव चौधरी ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो रिजर्व बटालियन लगाई गई हैं। बिना आई कार्ड विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।