यूपीपीजीएमई 22 मार्च को राजधानी के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई है। केजीएमयू द्वारा आयोजित परीक्षा की सारी तैयारियां कर ली गई हैं।
परीक्षा में किसी प्रकार की रूकावट न आ सके इसके लिए योजना तैयार कर ली गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यूपीपीजीएमई की प्रवेश परीक्षा के लिए शहर में कुल दो केंद्र बनाए गए हैं।
जिसमें एक नेशनल कॉलेज और दूसरा अलीगंज यूपीएससी को बनाया गया है। इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 4217 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
एडिशनल परीक्षा नियंत्रक डा. अब्बास मेंहदी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। छात्र-छात्राओं को सुबह नौ बजे ही परीक्षा केंद्रों पर बुलाया गया है।
जिससे उनको परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परीक्षा सुबह दस बजे शुरू होगी। वहीं
नकलचियों से निपटने के लिए केजीएमयू प्रशासन ने फूलप्रूफ व्यवस्था की है।
केजीएमयू प्रशासन ने इस बार एक विशेष प्रकार की स्याही मंगाई है, जो छात्र-छात्राओं के अंगूठे पर लगा कर अंगूठे की छाप को सादे कागज पर लिया जाएगा।
परीक्षा की फोटोग्राफी भी की जाएगी, जिससे यदि कोई भी गड़बड़ी हो तो उसे परीक्षा के बाद देखा जा सके।
केंद्रों से 500 मीटर की दूरी पर रहेंगे अभिभावक
परीक्षा केंद्रों से 500 मीटर के दायरे में आने वाली सभी फोटोस्टेट, साइबर कैफे, पीसीओ, फैक्स मशीन की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के दौरान अ यर्थियों को पानी की बोतल उनको कालेजों में ही मुहैया कराई जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दे रहे छात्रों को परीक्षा खत्म होने के बाद ही बाहर निकलने दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के साथ कोई भी अभिभावक परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं आ सकेगा।
प्रवेश पत्र केजीएमयू से आज लें
जिन अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र नहीं मिल सका है। वह अभ्यर्थी शुक्रवार को केजीएमयू पहुंच कर अपना प्रवेश पत्र ले सकते हैं। परीक्षा के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 05222258727 व 9651069277 हैं।