प्राइमरी स्कूल के टीचर तरुण अग्रवाल ने मात्र 89.06 सेकंड में ही पीरियॉडिक टेबल बना डाली। उनका दावा है कि सबसे कम समय में केमेस्ट्री की पीरियॉडिक टेबल बनाकर उन्होंने इतिहास रचा है।
अभी तक यह रिकॉर्ड हैदराबाद में शिक्षिका मीनाक्षी अग्रवाल के नाम पर दर्ज था। उनके इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को अमेरिका (यूएसए) की रिकॉर्ड शेटर बुक्स ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया गया है।
रविवार को यूपी प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत के दौरान तरुण अग्रवाल ने बताया कि उनका यह वर्ल्ड रिकार्ड वेबसाइट www.recordsetter.com पर देखा जा सकता है।
इसमें उनके रिकॉर्ड का वीडियो क्लिप डाउनलोड किया गया है। उरई जिले के परौसा प्राइमरी स्कूल में शिक्षक तरुण अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंस से इंटरनेशनल बिजनेस में एमबीए में किया है।
इसके बाद उन्होंने बीटीसी की और शिक्षक बन गए। उन्होंने बताया कि बचपन से ही केमेस्ट्री बहुत पसंद है। हाईस्कूल में उनके यूपी बोर्ड में 80 प्रतिशत अंक और इंटरमीडिएट में 81.4 प्रतिशत अंक थे।
केमेस्ट्री में उन्हें 90 प्रतिशत अंक मिले थे। वह कहते हैं कि मेमोरी और लिखने की फास्ट स्पीड को आधार बनाकर उन्होंने इस रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश की।
हैदाराबाद की मीनाक्षी अग्रवाल ने 118 एलिमेंट वाली पीरियॉडिक टेबल 91.65 सेकंड में बनाई थी। उन्होंने बताय कि अब वे स्टूडेंट्स को मेमोरी बढ़ाने के लिए गाइड करेंगे।
उन्होंने बताया कि अगर कोई भी कठिन चीज आपको याद नहीं हो रही है तो उसे दैनिक दिनचर्या में प्रयोग होने वाले शब्दों से विजुअलाइज करिए। इसके बाद आपको वह चीज जल्द याद होगी।
आप हमेशा लॉजिक पर जोर दें। उन्होंने बताया कि वे रोज अश्वगंधा का सेवन करते हैं और खाने में केवल हरी सब्जियों का ही प्रयोग करते हैं। वह अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने पिता व आयुर्वेद के डॉक्टर डॉ. आरबी अग्रवाल को देते हैं।