आपका बच्चा यदि आईईटी के किसी हॉस्टल में रहने जा रहा है और वहां उपलब्ध
सुविधाओं को लेकर आप निश्चिंत नहीं हैं तो परेशान न हों।
खुद जाएं, हॉस्टल
का मुआयना करें और जो कमियां नजर आएं उन्हें दूर करने के लिए सीधे आईईटी
प्रशासन को लिखकर दें।
आपके बताए सुझावों
पर अमल करते हुए उन कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। यह सब संभव
होगा अभिभावक-शिक्षक संघ के गठन की कवायद के तहत।
दरअसल, इंस्टीट्यूट ऑफ
इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईईटी) के हॉस्टलों में रहने वाले
छात्र-छात्राओं को अभिभावकों के अनुसार सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
छात्रावासों
में होने वाली दिक्कतें स्टूडेंट्स छात्र कॉलेज प्रशासन से नहीं कह पाते
या कहने में हिचकते हैं जबकि पैरेंट्स से कह देते हैं। इसी को ध्यान में
रखते हुए आईईटी प्रशासन ने अभिभावक-शिक्षक संघ के गठन का निर्णय लिया है।
इसमें शामिल अभिभावक छात्रावासों में जाकर वहां उपलब्ध सुविधाएं देखने के
साथ ही वहां की कमियां नोट करेंगे। इसके बाद वे इनकी सूची संस्थान के चीफ
वार्डन प्रो. अमरीक सिंह को उपलब्ध कराएंगे।
समय-समय पर संस्थान में संघ की
बैठक होगी जिसमें अभिभावकों की ओर से दिए गए सुझावों को देखा जाएगा और
उनके आधार पर कमियां दूर करते हुए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।