केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. जावेद आलम खान ने गुरुवार को एक बार फिर सफाई दी कि 12वीं का पेपर लीक होना महज अफवाह थी।
ऐसा पोर्टल को हिट्स दिलाने के लिए किया गया था। बुधवार को आयोजित हुआ फिजिक्स का पेपर कांगलाऑनलाइन डॉट कॉम पर पड़ा था। कहा गया कि यह पेपर मंगलवार को ही वेबसाइट पर डाला गया था।
हालांकि डॉ. जावेद आलम का दावा है कि टाइमिंग में हेर-फेर की गई, असल में इसे पेपर होने के बाद अपलोड किया गया था। बुधवार शाम को लोगों ने जब पेपर का मिलान किया तो प्रश्नपत्र और वेबसाइट पर पड़े पेपर के सवाल हूबहू एक थे।
डॉ. जावेद आलम ने नेट पर पड़े पेपर की क्वालिटी काफी खराब होने के कारण मिलान न हो पाने की बात कह कर पेपर लीक नहीं होने का दावा किया था।
गुरुवार को उन्होंने एक बार फिर कहा कि यह किसी शरारती तत्व या फिर पोर्टल को हिट करने के लिए की गई हरकत है।
क्योंकि असल में जो स्कैन कॉपी वेबसाइट पर पड़ी हुई है, उसे देखकर लग रहा है कि इसे हल किया गया है। वैसे अफवाह भी शाम को उड़ी थी।
गुरुवार को सीबीएसई बोर्ड में 10वीं का बिजनेस स्टडीज का प्रश्नपत्र आयोजित हुआ। होम एग्जाम का ऑप्शन होने के कारण बहुत कम स्टूडेंट्स ने बोर्ड परीक्षा का विकल्प चुना था।