पंजाब यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल नंबर-2 की छात्राएं आजकल खासी परेशान हैं। वार्डन डॉ. नवदीप कौर ने पिछले दो महीने का बिल अधिक आने पर यह पैसा छात्राओं से वसूलने के आदेश जारी किए हैं।
स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने इसका विरोध किया है। छात्र नेता प्रभप्रीत ने कहा कि हॉस्टल छात्राओं से बिजली बिल अधिक आने पर वसूली करना गलत है। छात्राओं से बिल का भुगतान एडमीशन के वक्त ही करा लिया जाता है। जब हॉस्टल में बिजली बिल कम आता है तब तो छात्राओं को पैसा वापस नहीं किए जाते।
एसएफआई ने डीएसडब्ल्यू और हॉस्टल वार्डन से इसे वापस लेने की मांग की है। उधर, पीयू अधिकारियों का कहना है कि हॉस्टल नियमों में यह साफ है कि बिजली या पानी का बिल जरूरत से अधिक आने पर इसे विद्यार्थियों के बीच बांटा जाएगा। बिजली का अतिरिक्त बिल का बोझ छात्राओं पर डाले जाने को लेकर हॉस्टलर काफी नाराज हैं।