दिल्ली में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को दूर करने के लिए एक जनवरी से 15 जनवरी तक लागू की जा रही सम-विषम योजना के चलते अब सरकारी स्कूलों के साथ निजी स्कूल भी बंद रहेंगे। कई दिनों से निजी स्कूलों में अवकाश को लेकर असमंजस की स्थिति को सरकार ने साफ कर दिया है।
शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया है। इसमें साफ कहा गया है कि एक जनवरी से 15 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। साथ ही इन स्कूलों में जो बसें उपलब्ध हैं वह डीटीसी के स्थानीय डिपो में उपलब्ध होंगी।
शिक्षा निदेशक पद्मिनी सिंघला की ओर से जारी आदेश में कहा गया है निजी स्कूल प्रिंसिपल व प्रबंधन इस प्रयास में हाथ मिलाए। एक जनवरी से 15 जनवरी तक अवकाश के दौरान स्कूल अपनी बसें आम जनता के लिए उपलब्ध कराएं।
मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा कानून के मुताबिक अचानक छुट्टियों केसंबंध में लिया गया यह निर्णय तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं है। लेकिन छात्रों के स्वास्थ्य हितों को देखते हुए ही अवकाश के दिनों में बदलाव किया गया है। पद्मिनी सिंघला ने आदेश में कहा है कि छात्रों को परेशानी न हो इसलिए स्कूल बंद रहेंगे।
इस प्रयास से दिल्ली की हवा को प्रदूषण मुक्त करने की दिशा में सफलता मिलेगी। स्कूलों की बसें उपलब्ध कराने का काम नोडल अधिकारी के रूप में उपशिक्षा निदेशक करेंगे।
इनका काम सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त व निजी स्कूलों की बसें डीटीसी डिपो में उपलब्ध कराना है। स्कूल इस बात पर आपत्ति जता रहे हैं कि उनकी बसों का प्रयोग करने से बसों को नुकसान होगा।