लखनऊ विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2016-17 में कैट-2015 (कॉमन एप्टीट्यूट टेस्ट) के माध्यम से दाखिला चाहने वाले अभ्यर्थियों को लविवि की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
पंजीकरण के बाद ही स्टूडेंट्स लविवि के दोनों प्रबंधन संस्थानों में दाखिले के पात्र होंगे। ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म विवि की वेबसाइट पर अगले माह से आ जाएगा। लविवि ने इस संबंध में अपनी वेबसाइट पर नोटिस जारी कर दिया है।
लखनऊ विश्वविद्यालय में इस समय एमबीए के बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन और इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज नाम से दो केंद्र हैं। लविवि ने शैक्षणिक सत्र 2016-17 से अपने यहां एमबीए के दाखिले कैट के माध्यम से करने का फैसला किया है।
विवि द्वारा जारी नोटिस के अनुसार कैट के लिए आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को लविवि की वेबसाइट www.lkouniv.nic.in पर अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण फॉर्म विवि की वेबसाइट पर अक्तूबर में जारी हो जाएगा।
कैट में आवेदन की अंतिम तिथि 20 सितंबर
आईआईएम अहमदाबाद के तत्वावधान में होने वाली कैट के लिए इस बार अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त का समय मिलेगा। पिछले साल तक पेपर हल करने के लिए 170 मिनट का समय मिलता था। इस साल से परीक्षा के लिए 180 मिनट का समय मिलेगा।
टेस्ट में तीन भाग होंगे। जिसमें संख्यात्मक क्षमता, डाटा इंटरप्रेटेशन और लॉजिकल रीजनिंग तथा वर्बल और रीडिंग कैंप्रेहेंसिव शामिल होंगे। कुछ को छोड़कर ज्यादातर सवाल बहुविकल्पीय होंगे।
संख्यात्मक गणना के लिए ऑनलाइन टेस्ट के समय अभ्यर्थियों को स्क्रीन पर कैलकुलेटर की सुविधा मिलेगी। हर भाग को हल करने के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। एक भाग पूरा करने के बाद ही दूसरे भाग में जाने का मौका मिलेगा।
15 अक्टूबर से वेबसाइट पर मिलेगा ट्यूटोरियल्स
आईआईएम कैट की वेबसाइट पर 15 अक्टूबर से अभ्यर्थियों की सहायता के लिए सामग्री उपलब्ध होगी। इस ट्यूटोरियल्स के जरिए अभ्यर्थी पेपर का अभ्यास कर सकेंगे। ट्यूटोरियल्स में सभी प्रकार के बदलाव के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
किसी प्रकार की समस्या होने पर हेल्पडेस्क नंबर-18002660207 पर भी संपर्क कर सकते हैं। देश के 22 आईआईएम (भारतीय प्रबंध संस्थान) में दाखिले के लिए www.iim.ac.in पर कैट प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन छह अगस्त से शुरू हो चुके हैं।
आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर निर्धारित की गई है। परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर को किया जाएगा। इसके लिए प्रवेशपत्र 15 अक्टूबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे। जनवरी के दूसरे सप्ताह में कैट का रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा।
परीक्षा देश के 136 शहरों में 650 सेंटर पर होगी। अभ्यर्थी को टेस्ट सेंटर के लिए अपनी वरीयता के चार विकल्प देने होंगे।