एलयू में स्नातक का प्रवेश कार्य देख रही एडमिशन टीम ने अब ऑन स्पॉट काउंसलिंग कराने की जगह ऑनलाइन काउंसलिंग का प्रपोजल तैयार किया है।
इस प्रपोजल को सोमवार को होने वाली एडमिशन कमेटी की बैठक में रखा जाएगा। स्नातक की दो कटऑफ लिस्ट जारी होने के बाद भी बीकॉम, बीएससी और प्रोफेशनल कोर्सेज की बहुत सी सीटें खाली हैं।
हालांकि नए प्रपोजल के अनुसार इस बार ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया में कुछ अहम बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। इसमें तीसरी लिस्ट के साथ ही वेटिंग लिस्ट भी जारी की जाएगी।
यदि यह प्रपोजल स्वीकृत होता है तो वेटिंग लिस्ट के प्रवेश होने पर तीसरी लिस्ट के अभ्यर्थियों की सीट अपने आप अपग्रेड नहीं होगी। उनको इसके लिए प्रवेश समन्वयक से संपर्क करना होगा।
प्रोफेशनल कोर्सेज की 61 परसेंट सीटें खाली
विश्वविद्यालय में दो कटऑफ जारी होने के बाद बीकॉम व बीएससी जैसे विषयों में काफी सीटें रिक्त रह गई हैं। बीकॉम में जहां 38 परसेंट सीटें रिक्त हैं।
वहीं बीएससी में 37 परसेंट। सबसे बुरी स्थिति तो प्रोफेशनल कोर्सेज की है।
बीबीए, बीबीए आईबी, बीबीए टूरिज्म, बीबीए मैनेजमेंट साइंस, बैचलर ऑफ होटल मैनेजमेंट, डिप्लोमा इन इंटरनेशनल एयरलाइन टिकटिंग, डिप्लोमा इन फूड प्रोडक्शन और बीसीए में कुल मिलाकर लगभग 61 परसेंट सीटें खाली हैं।
प्रवेश की इतनी बुरी स्थिति से विश्वविद्यालय प्रशासन भी भौचक्का है। बीए के लिए फीस जमा होने की अंतिम तिथि अभी बाकी है।
हालांकि जो स्थिति अभी चल रही है उसमें दूसरी कटऑफ के प्रवेश पूरे होने पर बीए की भी 500 से अधिक सीटें रिक्त रहने की संभावना है।
पहले विश्वविद्यालय में एडमिशन टीम ने यह योजना बनाई थी कि दूसरी लिस्ट के प्रवेश के बाद तीसरी लिस्ट जारी नहीं की जाएगी।
बची सीटों के लिए ऑन स्पॉट ऑफ लाइन काउंसलिंग होगी। लेकिन इसमें टीम को कई पेचिदगियां नजर आई। इसी वजह से अब टीम ने नया प्रपोजल तैयार किया है जिसमें ऑनलाइन ही काउंसलिंग कराए जाने की बात है।
वेटिंग लिस्ट वालों को जाएगा एसएमएस
एडमिशन टीम ने बताया कि नए प्रपोजल के अनुसार रिक्त सीटों के लिए सभी कोर्स में तीसरी कटऑफ लिस्ट केसाथ ही वेटिंग लिस्ट भी जारी की जाएगी।
इस बार तीसरी लिस्ट के अभ्यर्थियों को फीस जमा करने के लिए 2 से 3 दिन का समय दिया जा सकता है। जैसे ही यह समय खत्म होगा।
जितनी सीटें रिक्त होंगी वेटिंग लिस्ट में मेरिट के अनुसार उतने ही अभ्यर्थियों को शामिल कर एसएमएस के माध्यम से फीस जमा करने की सूचना दी जाएगी।
हालांकि वेटिंग लिस्ट वालों को इसके लिए 1 से 2 दिन का ही समय मिलेगा। जैसे ही यह समय समाप्त होगा रिक्त बची सीटों के लिए उसी वेटिंग लिस्ट से दोबारा इस प्रक्रिया को अपनाया जाएगा।
यह प्रक्रिया सीटें भरने तक जारी रहेगी। लेकिन वेटिंग लिस्ट वालों को हर बार केवल 1 से 2 दिन में ही फीस जमा करने का समय मिलेगा।
अपने आप नहीं होगी सीट अपग्रेड
यदि इस प्रपोजल को एडमिशन कमेटी अनुमति देती है तो इन लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों की सीट अपने आप अपग्रेड नहीं होगी।
इसके लिए अभ्यर्थी को आवेदन करना होगा। अभ्यर्थी वेबसाइट पर ही ताजा स्थिति देख सकेगा। यदि उससे कम अंक वाले को उससे बेहतर सीट मिली है।
जो उसे चॉइस लॉक के बाद भी बेहतर रैंक वाले को नहीं मिली तो वह इस संबंध में प्रवेश समन्वयक को सूचित करेगा। प्रवेश समन्वयक इस संबंध में आवेदन लेकर सीट को मैनुअल अपग्रेड करवाएंगे।
सिर्फ एसएमएस पाने वाले ही जमा कर सकेंगे फीस
वेटिंग लिस्ट जारी होन के बाद सभी अभ्यर्थियों का नाम वेबसाइट पर आ जाएगा। लेकिन इस लिस्ट के प्रवेश शुरू होने पर केवल वही अभ्यर्थी फीस जमा कर सकेंगे।
जिनको विश्वविद्यालय द्वारा एसएमएस जाएगा। एडमिशन टीम ने बताया कि जिस अभ्यर्थी का नाम वेटिंग लिस्ट में से प्रवेश के लिए मेरिट के आधार चयनित होगा उसके लिए फीस जमा करने का विकल्प खोल दिया जाएगा।
वह अपने रजिस्ट्रेशन नंबर के सहयोग से फीस जमा कर सकेगा। हालांकि इस पूरे प्रपोजल पर अब एडमिशन कमेटी की अंतिम मोहर लगना बाकी है।