हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के नए सत्र के लिए तीन अप्रैल को घोषणा होने के बाद भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा छात्रों को नहीं मिल पाई है।
सिर्फ यूआईआईटी विभाग ही फिलहाल यह सुविधा दे पा रहा है। अन्य विभागों के लिए साइट पर लिंक ही नहीं है।
कुलपति ने बाकायदा तीन अप्रैल को ऑनलाइन सेवा शुरू करने पर फैसला लेने को हुई बैठक के बाद अगले दिन से ही सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।
पांच दिन बीतने के बाद भी छात्रों को यह सुविधा नसीब नहीं हो पाई है। ऑनलाइन सुविधा शुरू करने के एचपीयू के दावों की इससे पोल खुल गई है। सभी तैयारियां पूरी करने और सेवा शुरू करने के दावे खोखले साबित हुए हैं।
15 कोर्स के लिए शुरू होनी है सुविधा
डीएस प्रो. सुरेश कुमार का कहना है कि जल्द ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
छात्र एचपीयू की दोनों साइटों पर पीजी कोर्स के विभिन्न विभागों की सीटों की जानकारी प्राप्त करने और ऑनलाइन आवेदन करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन साइट पर ऐसा कोई लिंक मंगलवार तक नहीं मिल पा रहा था।
एचपीयू ने दावा किया था कि सभी प्रवेश, परीक्षा और मेरिट आधार पर प्रवेश वाले सभी कोर्स के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा मिलेगी। पीजी के ऐसे करीब 15 कोर्स हैं, जिनके लिए यह सुविधा शुरू की जानी है।