डीआईओएस की कुर्सी को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति का असर परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पड़ रहा है। नियत समय बीतने के बावजूद जिला परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति परीक्षा केंद्रों की आपत्तियों का निस्तारण नहीं कर पाई है।
यहां तक कि मंडलीय समिति को अभी तक परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। ऐेसे में नियत तारीख पर परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची प्रकाशित होना संभव नहीं दिख रहा है।
इस साल परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची का प्रकाशन नियत तारीख पर दिया गया था। ऐसे में उम्मीद बंधी थी कि परीक्षा केंद्रों का निर्धारण तय समय पर हो जाएगा।
बोर्ड द्वारा जारी केंद्र नीति के अनुसार जिला परीक्षा केंद्र समिति को अनंतिम परीक्षा केंद्रों की सूची 16 नवंबर को प्रकाशित करनी थी। इस पर 23 नवंबर तक आपत्तियां मांगी गई थीं।
30 नवंबर तक आपत्तियों पर आख्या लगाकर परीक्षा केंद्रों की सूची मंडलीय समिति को उपलब्ध करानी थी। अंतिम तिथि बीतने के बावजूद मंडलीय समिति के पास परीक्षा केंद्रों की सूची भेजी नहीं गई है।
मंडलीय समिति के निरीक्षण के बाद सात दिसंबर को सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन होना है। इसके बाद नौ दिसंबर तक परीक्षा केंद्रों की सूचना माध्यमिक शिक्षा परिषद को उपलब्ध कराना है।
पर जिस हिसाब से काम चल रहा है उस हिसाब से तय समय में सूची का प्रकाशन होना संभव नहीं लग रहा है।
(इस खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए नीचे के बॉक्स में कमेट करें, शेयर करने के लिए फेसबुक शेयर बटन पर क्लिक करें)