नए साल 2016 में पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) स्टूडेंट्स को खास तोहफा देने की तैयारी में है। पीयू और एफिलिएटेड 190 कालेजों से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले स्टूडेंट्स को अब डिग्री के लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। डिग्री पाने के लिए स्टूडेंट्स को यूनिवर्सिटी प्रशासनिक ब्लॉक के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
रिजल्ट घोषित होने के तुरंत बाद ही स्टूडेंट को डिग्री मिल जाएगी। देश विदेश में कहीं से भी पीयू की ऑनलाइन डिग्री एक क्लिक में मिल जाएगी।
जानकारी अनुसार पीयू कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन(सीईओ) ब्रांच हफ्ते भर से 2016 से ई-प्रोविजनल डिग्री जारी करने के प्रोजेक्ट को अंतिम रूप देने में जुटी है। सूत्रों के अनुसार नए सिस्टम के तहत स्टूडेंट सीधे पीयू वेबसाइट से अपनी प्रोविजनल डिग्री ले सकेंगे। फीस भरने से लेकर डिग्री का प्रिंट लेने तक का पूरा प्रोसेस ऑनलाइन होगा।
ई-प्रोविजनल डिग्री के लिए कुछ फीस देनी होगी। जिसके बाद स्टूडेंट को पिन कोड दिया जाएगा। जिससे ऑनलाइन ही डिग्री का प्रिंट प्राप्त किया जा सकेगा। पीयू ने ऑनलाइन फीस की सुविधा पहले ही शुरू कर रखी है।
1.50 लाख स्टूडेंट्स को होगा फायदा
पीयू ई-प्रोविजनल डिग्री प्रोजेक्ट शुरू होने से से हर साल 1.50 लाख स्टूडेंट को लाभ मिलेगा। पीयू, एफिलिएटेड 190 कालेज और पत्राचार से हर साल 1 लाख ग्रेजुएट और 50 हजार पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री करते हैं।
हर साल रिजल्ट के तुरंत हजारों की संख्या में स्टूडेंट नौकरी या हायर एजुकेशन के लिए प्रोविजनल डिग्री के लिए पीयू में भागदौड़ करते हैं। अभी तक प्रोविजनल डिग्री पाने में काफी समय लग जाता है। लॉ,एमबीबीएस,इंजीनियरिंग और अन्य प्रोफेशनल कोर्स के स्टूडेंट प्रोविजनल डिग्री लेने वालों में सबसे अधिक हैं।
2006 से 2015 तक सभी डिग्री होंगी ऑनलाइन
पीयू कंप्यूटर सेंटर द्वारा ई-डिग्री प्रोजेक्ट को तैयार किया गया है। करीब 2 महीने से नए सिस्टम को तैयार करने में सीईओ और कंप्यूटर सेंटर की टीम जुटी हुई है। इस प्रोजेक्ट के तहत पीयू 2006 से 2015 तक ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले सभी स्टूडेंट की डिग्री ऑनलाइन कर दी जाएंगी। पुराने रिकार्ड को बाद में ऑनलाइन किया जा सकता है।
कोट्स ..
पीयू स्टूडेंट को अब घर बैठे ही ऑनलाइन ई-प्रोविजनल डिग्री उपलब्ध हो सकेगी। रिजल्ट के बाद डिग्री के लिए अधिकत इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नए सिस्टम का ट्रायल लगभग पूरा हो चुका है, अगले साल से नई सुविधा का लाभ मिलेगा।
प्रो.परविंदर सिंह, कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन पंजाब यूनिवर्सिटी