अंडर ग्रेजुएट कक्षाओं में प्रवेश के लिए काउंट होने वाले एग्रीगेट में अब सीबीएसई स्कूलों में पढ़ाए जा रहे कंप्यूटर विषयों के प्राप्तांक भी गिने जाएंगे।
यूजीसी ने सीबीएसई स्कूलों में पढ़ाए जा रहे कंप्यूटर साइंस, इन्फार्मेटिक्स प्रेक्टिस जैसे विषयों को भी यूजी में प्रवेश के लिए गिने जाने और इसके लिए व्यवस्था किए जाने के कुलपतियों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
यूजीसी की ओर से जारी पत्र में साफ कहा गया है कि सीबीएसई ने ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा में तीन कंप्यूटर आधारित कोर्स चलाए हैं। इन कोर्सों के साथ जमा दो पास करने के बाद कॉलेज में प्रवेश को जाने वाले छात्रों के इन विषयों के अंक भी गिने जाएंगे।
यूजीसी के सचिव प्रो. जसपाल संधू ने पत्र में लिखा है कि इन कंप्यूटर विषयों में 70:30 की प्रतिशतता में थ्योरी और प्रेक्टिकल की परीक्षाएं होती है। इन्हें साइंस विषयों की तरह से मेजर विषय माना जाए।
ये सीबीएसई स्कूलों में कंप्यूटर आधारित रेगुलर अकादमिक कोर्स के रूप में पढ़ाए जा रहे हैं। इन विषयों के प्राप्तांक को प्रवेश को पात्रता के लिए तय एग्रीगेट अंकों के लिए गिना जाएगा। इसके आधार पर छात्र पात्र होगा।
यूजीसी ने सीबीएसई स्कूलों में पढ़ाए जा रहे इन विषयों को पढ़ाने वाले छात्रों को प्रवेश के लिए मान्यता दिए जाने के दिशा निर्देश दिए हैं। इससे विवि के तहत आने वाले नए शैक्षणिक सत्र में सीबीएसई से इन कोर्स के साथ जमा दो की परीक्षा पास छात्रों को प्रवेश में सुविधा मिलेगी।