केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्र्ड विद्यार्थियों को आर्थिक रूप से अधिक जागरूक बनाने तथा वर्तमान वित्तीय परिदृश्य के बारे में शिक्षित करने के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (मुंबई) के सहयोग से राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा आयोजित करने जा रहा है।
आठवीं से दसवीं तक के छात्रों में वित्तीय जागरूकता के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। सीबीएसई अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक छात्र 17 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। इस परीक्षा का आयोजन 28 व 29 नवंबर 2015 को किया जाएगा।
60 मिनट की अवधि की यह परीक्षा हिंदी व अंग्रेजी माध्यम में होगी और इसमें 75 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा का रिजल्ट 16 दिसंबर को आएगा। इस परीक्षा के माध्यम से छात्रों में वित्तीय एवं कारोबारी कंसेप्ट का विश्लेषण किया जाएगा। यह परीक्षा स्कूली छात्रों की वित्तीय साक्षरता और बुनियादी ज्ञान को परखेगी।
टॉप 30 पर रहने वाले स्कूलों को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि छात्रों को लैपटॉप, टैबलेट, मेडल, प्रमाणपत्र दिया जाएगा।