केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से दसवीं-बारहवीं की परीक्षा देने वाले प्राइवेट छात्रों के लिए राहत की खबर है। ऐसे छात्रों को अपना फॉर्म भरने के लिए सेंटरों के धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। छात्र अपना फॉर्म अब ऑनलाइन भर सकेंगे। सीबीएसई ने मार्च 2016 में होने वाली परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा प्रदान की है।
छात्र www.cbse.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। साथ ही छात्रों को फॉर्म भरने में होने वाली समस्या को देखते हुए विभाग ने टोल-फ्री नंबर 1800-11-8002 भी जारी किया है। छात्र इस पर सुबह 9:30 से शाम 7 बजे तक फोन कर सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक ऑनलाइन फॉर्म भरे जाने से छात्रों को काफी राहत मिलेगी।
न केवल फॉर्म ऑनलाइन भर सकेंगे बल्कि फीस का भुगतान भी ऑनलाइन किया जा सकेगा। फॉर्म भरने के बाद उन्हें परीक्षा के लिए सेंटर भी आवंटित कर दिया जाएगा। एक बार सेंटर आवंटित हो जाने के बाद किसी भी स्थिति सेंटर बदलने का आग्रह स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही छात्र फरवरी के दूसरे सप्ताह से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
ऑनलाइन फॉर्म भरते समय प्राइवेट छात्रों को अपना फोन नंबर व ईमेल आईडी सही प्रकार से भरना होगा। इसके माध्यम से उन्हें जरूरी जानकारी मिलती रहेगी। 15 अक्तूबर तक छात्र बिना लेट फीस के साथ अपनी फीस का भुगतान ई-चालान व डिमांड ड्रॉफ्ट के माध्यम से भर सकते हैं। 16 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक फीस के साथ 250 रुपये लेट फीस का भुगतान भी करना होगा। एक नवंबर से 15 नवंबर तक लेट फीस के रूप में 350 रुपये व 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक 5 हजार रुपये लेट फीस का भुगतान करना होगा।