यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी न होने पर संयुक्त शिक्षा निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक को नोटिस जारी किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची मंडलीय समिति को 30 नवंबर तक सौंपनी थी।
अंतिम तिथि बीतने के बावजूद सूची न मिलने पर मंडलीय समिति ने जिला विद्यालय निरीक्षकों के नाम नोटिस जारी किया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी केंद्र नीति के अनुसार परीक्षा केंद्रों की सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन नौ दिसंबर तक हो जाना है।
इससे पहले 16 नवंबर को प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का प्रकाशन होना था। 23 नवंबर तक प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर आपत्तियां देने की समय सीमा निर्धारित की गई थी।
30 नवंबर तक जिला परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति को आपत्तियों का निस्तारण करके सूची मंडलीय समिति को सौंपनी थी।
अंतिम तिथि बीतने के एक सप्ताह बीतने के बावजूद लखनऊ मंडल के किसी भी जिले ने मंडलीय समिति को समिति प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची नहीं सौंपी।
इस पर संयुक्त शिक्षा निदेशक एपी वर्मा ने मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची सौंपने का निर्देश दिया है।
लखनऊ में इस बार 149 कॉलेजों पर 153 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। अभी तक परीक्षा केंद्रों के संबंध में 71 आपत्तियां आई थीं। इनमें ज्यादातर आपत्तियां परीक्षा केंद्र की ज्यादा दूरी से संबंधित था।
बहुत से विद्यालयों ने अपने यहां परीक्षा केंद्र बनवाने को लेकर आपत्ति दर्ज करवाई थी। डीआईओएस के पद को लेकर पैदा हुई संशय की स्थिति के कारण परीक्षा केंद्र की आपत्तियों का निस्तारण नहीं हो सका था।
जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश त्रिपाठी का कहना है कि आपत्तियों पर विचार किया जा चुका है। जल्द ही परीक्षा केंद्रों की प्रस्तावित सूची मंडलीय परीक्षा केंद्र निर्धारण समिति को भेज दी जाएगी।