शहर के सरकारी स्कूलों के लिए होने वाली शिक्षकों की भर्ती में सेटिंग का जबरदस्त खेल हो सकता है। शिक्षा विभाग ने 2009 के शिक्षक भर्ती घोटाले से सबक लेते हुए इस बार इंटरव्यू खत्म कर दिया है और चयन सिर्फ लिखित परीक्षा से बनने वाली मेरिट पर होगा।
सूत्रों का कहना है कि भर्ती में सफल होने के लिए सेटिंग शुरू हो गई है। लिखित परीक्षा चंडीगढ़ के ही स्कूल-कॉलेज में होंगे और इसमें फर्जीवाड़ा हो सकता है।
सरकारी स्कूलों के कुछ शिक्षक परीक्षा सेंटर पर अपने रिश्तेदारों की मदद के लिए खुद की ड्यूटी लगवा रहे हैं। एडमिट कार्ड में लगे फोटो के साथ भी छेड़छाड़ करने की कोशिशें की जा रही हैं।
हालांकि, दूसरे की जगह परीक्षा देने वालों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी भी होंगे और परीक्षार्थियों के अंगूठे के निशान भी मिलाए जाएंगे।