डीयू के हिंदू कॉलेज में ईसीए के जरिए दाखिले की बाट जोह रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर नहीं है। कॉलेज की गवर्निंग बॉडी ने फैसला लिया है कि ईसीए के जरिए दाखिले नहीं लिए जाएंगे। आवेदन शुल्क वापसी के लिए आवेदक कॉलेज के एकाउंट कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
डीयू में जहां कॉलेजों में हाई कटऑफ के बावजूद छात्र दाखिले के लिए भागदौड़ कर रहे हैं, वहीं ऐसे छात्र भी रेस में हैं जो ईसीए (एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी) के जरिए दाखिला लेना चाहते हैं।
लिहाजा वह कॉलेजों में चल रहे ईसीए ट्रायल और ऑडिशंस के जरिए सीट पाने के लिए पसीना बहा रहे हैं।
अच्छे अंक वाले भी हैं रेस में
डीयू की कुल सीटों की महज पांच प्रतिशत ही सीटें स्पोर्ट्स और ईसीए श्रेणी के लिए होती हैं। इसके बावजूद कॉलेजों में इस कोटे के तहत दाखिला पाने वालों की भीड़ लगी है। इस रेस में ऐसे भी हैं, जिनके बारहवीं अंक काफी अच्छे हैं।
जहां विभिन्न कॉलेजों ने ईसीए के ट्रायल शुरू कर दिए हैं, वहीं हिंदू कॉलेज ने इस बार ईसीए के जरिए दाखिले न करने का फैसला किया है।
हिंदू कॉलेज के कार्यकारी प्रिंसिपल डॉ. प्रद्युम्न कुमार की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि कॉलेज गर्वनिंग बॉडी अध्यक्ष के निर्देशानुसार सत्र 2014-15 सत्र के लिए ईसीए में दाखिले नहीं होंगे।
कई कॉलेजों में हुआ ट्रायल
कॉलेजों में ईसीए ट्रायल के लिए शुक्रवार को रामजस कॉलेज में नृत्य और वाद-विवाद के ट्रायल के लिए काफी संख्या में छात्र पहुंचे। हालांकि इस कोटे के तहत छात्रों की राह ज्यादा आसान नहीं होने वाली, क्योंकि सीटें बहुत कम हैं।
अब रामजस कॉलेज में वाद-विवाद के ट्रायल पांच और आठ जुलाई को, फाइन आर्ट्स के 7 जुलाई को और क्विज के 7 जुलाई को ट्रायल होंगे। इसी तरह मिरांडा हाउस में 7 और 8 जुलाई को ट्रायल होंगे।
वहीं, दौलतराम कॉलेज में 7 जुलाई को संगीत, ड्रामा, वाद-विवाद तो 8 जुलाई को नृत्य और फाइन आर्ट्स के ट्रायल होने हैं।