उच्च शिक्षा विभाग देहरादून के रायपुर में स्वीकृत डिग्री कॉलेज में हर हाल नए सत्र से पढ़ाई शुरू करना चाहता है।
किराये का भवन चिंहित करने को कहा
सचिव मनीषा पंवार ने जिलाधिकारी पुरुषोत्तम को पत्र भेजकर किसी सरकारी परिसर या किराये के भवन को चिंहित करने को कहा है। ताकि अगले शैक्षणिक सत्र में महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा सके।
रायपुर डीएवी महाविद्यालय में हर साल दाखिले के लिए छात्र-छात्राओं का अत्याधिक दबाव रहता है। शासन इस बात पर भी चिंता जताई है कि डीएवी महाविद्यालय में अनुमन्य छात्र संख्या से अधिक प्रवेश हो जाने के कारण पढ़ाई की प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इसी को ध्यान में रखकर 2014 के सत्र में छात्र-छात्राओं को दाखिले दिए जा सकें। सरकार ने नवंबर में रायपुर इलाके में सरकारी डिग्री कॉलेज खोलने का फैसला लिया था। इसकेलिए पर्याप्त शिक्षक व स्टाफ की स्वीकृति भी मिल चुकी है।
जमीन तलाशने के निर्देश
शासन ने कॉलेज के लिए डीएवी से पांच किलोमीटर की परिधि की सीमा में जमीन तलाशने के निर्देश दिए हैं। चूंकि अभी तक जिला प्रशासन की ओर से कोई जमीन फाइनल नहीं हुई है और नई बिल्डिंग बनने में समय लगेगा।
लिहाजा शासन ने इसी परिधि में किराये की या फिर कोई सरकारी बिल्डिंग में कॉलेज शुरू करने का फैसला लिया है। विभाग ने उप निदेशक डॉ. एनपी. माहेश्वरी को इस काम के समन्वय के लिए नामित किया है ताकि प्रतिदिन की वस्तुस्थिति शासन के संज्ञान में आए।
शासन ने डिग्री कॉलेज के लिए जमीन पर प्रस्ताव मांगा है। महाविद्यालय की स्थापना के लिए राजकीय पॉलिटेक्निक के पास डाण्डा लखौण्ड में तथा आनंद ग्राम व एकता विहार केसमीप ग्राम अधोइवाला में भूमि चयनित की है। जिसका प्रस्ताव निदेशायलय की संस्तुति केसाथ शासन के पास भेजा गया है।