बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी (बीबीएयू) में इसी शैक्षिक सत्र से करीब डेढ़ दर्जन नए कोर्स और शुरू किए जाएंगे। अभी बीबीएयू में पीजी कोर्स में दाखिले के लिए बीते रविवार को ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा हुई है।
आगे 26 व 27 अप्रैल को भी परीक्षा है। इस बीच बीबीएयू प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लेते हुए और नए कोर्स शुरू करने पर मुहर लगा दी है। इनके लिए मई में फॉर्म जारी किए जाएंगे।
जून तक इनमें दाखिले की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। जो नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं, उनमें एमएससी व एमए के पांच साल के इंटीग्रेटेड कोर्स शामिल हैं।
इनमें स्टूडेंट इंटरमीडिएट के बाद सीधे दाखिला ले सकेगा। पांच साल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसे एमएससी की डिग्री दी जाएगी। इसके अलावा एमफिल, एमए के ट्रेडिशनल कोर्स के अलावा बैचलर ऑफ वोकेशनल स्ट्डीज का कोर्स भी शुरू किया जा रहा है।
बीबीएयू प्रशासन जल्द ही इन कोर्स में दाखिले के लिए विज्ञापन जारी कर देगा। जो नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं, उनमें पांच साल के इंटीग्रेटेड कोर्स में एमएससी इन लाइफ साइंस, एमए व एमएससी अर्थ साइंस, एमएससी इन बेसिक साइंस प्रमुख हैं।
इनमें इंटरमीडिएट पास स्टूडेंट दाखिला ले सकेंगे। उनके पास एक ऑप्शन यह भी होगा कि अगर वे चाहें तो इन इंटीग्रेटेड कोर्सों को तीन साल तक पढ़कर बैचलर डिग्री ले सकते हैं और वह पांच साल पूरा करेंगे तो उन्हें एमएससी की इंटीग्रेटेड डिग्री दी जाएगी।
इसका फायदा यह होगा कि स्टूडेंट अच्छे कोर्सेज में विशेषज्ञता हासिल कर सकेंगे और आगे उन्हें रिसर्च करने में काफी आसानी होगी। रिसर्च करके वह अपना कॅरिअर और अच्छा बना सकते हैं।
इनमें प्लेसमेंट भी काफी अच्छा होगा। इसके अलावा एमफिल के भी नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। इसमें एमफिल इन इकोनॉमिक्स व एमफिल इन स्टेटेटिक्स मुख्य हैं।
वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन इनोवेटिव एंड कंटमप्रेरी कोर्सेज के साथ-साथ अब ट्रेडिशनल कोर्सेज पर भी पूरा फोकस करेगा। इसमें फिलासिफी, मनोविज्ञान जैसे कोर्सेज शुरू किए जा रहे हैं।
बीबीएयू प्रशासन प्रत्येक कोर्सेज में 40 से 60-60 के बीच सीटें रखेगा। सभी कोर्सेज के को-ऑर्डिनेटर्स को निर्देश दिए गए हैं कि वे जल्द इन विषयों के सिलेबस तैयार कर एप्रूव करवा लें।
अगर सब कुछ ठीक रहा तो मई के पहले हफ्ते में ऑनलाइन फॉर्म जारी कर दिए जाएंगे। मालूम हो कि बीबीएयू ने इस बार अपने यहां चल रहे 48 कोर्स में दाखिले के लिए मार्च में ही ऑनलाइन फॉर्म जारी कर दिए थे।
इसमें करीब 13 हजार स्टूडेंट्स ने दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इन स्टूडेंट्स की ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के लिए 63 केंद्र बनाए गए हैं।