स्कूलों और कॉलेजों में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) को एक ऐच्छिक विषय के रूप में शुरू करने की मंजूरी मिल गई है। ऐलान हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने किया।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के महानिदेशक तथा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के सचिव को एनसीसी को आठवीं, नौवीं तथा दसवीं कक्षाओं के पाठ्यक्रम में एक ऐच्छिक विषय के रूप में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से हरियाणा के कम से कम एक राज्य विश्वविद्यालय का चयन करने का आग्रह किया गया है। जहां कॉलेजों में स्नातक स्तर पर ऐच्छिक विषय के रूप में एनसीसी को लागू किया जा सके।
महानिदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, को शिविरों के दौरान आवश्यकता पड़ने पर एनसीसी कैडेट्स को निशुल्क चिकित्सा सहायता मुहैया करवाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी अस्पताल खसरे के लिए पहले से ही एनसीसी कैडेट्स का टीकाकरण कर रहे हैं।