कॉलेजों में पढ़ रहे युवाओं को डिग्री पूरी करने से पहले ही लाखों का पैकेज दिलाने की तैयारी चल रही है। चंडीगढ़ प्रशासन का डायरेक्टर हायर एजुकेशन (डीएचई) इस साल भी मेगा जॉब फेस्ट-2015 लगाएगा।
जनवरी के आखिरी दिनों में जॉब फेस्ट आयोजित हो सकता है। पिछले चार वर्षों से सेक्टर-46 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कालेज (जीसी-46) शहर के अन्य गवर्नमेंट कालेजों के साथ मिलकर मेगा जॉब फेस्ट आयोजित करता है।
इस फेस्ट में ग्रेजुएशन फाइनल ईयर और पोस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट्स को अवसर मिलते हैं। जॉब फेस्ट में शहर के सभी सरकारी या प्राइवेट कॉलेजों के स्टूडेंट्स हिस्सा ले सकते हैं। एक दिन के जॉब फेस्ट में कंपनियां लिखित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू के बाद स्टूडेंट्स को ऑफर लेटर देगी।
3.50 लाख तक का पैकेज मिलेगा
जीसी-46 के वाइस प्रिंसिपल एवं चीफ को-आर्डिनेटर प्रो. जेके सहगल ने बताया कि जनवरी के आखिरी सप्ताह (31 जनवरी संभावित) में जॉब फेस्ट कराने का प्रपोजल है।
इस दौरान 30 से 40 कंपनियां 300 से अधिक स्टूडेंट्स का चयन कर सकती है। वर्ष 2014 में 250 स्टूडेंट्स को ऑफर लेटर दिया गया था। इस जॉब फेस्ट में ग्रेजुएट स्टूडेंट्स को भी 1.30 से 3.50 लाख तक पैकेज मिल जाता है। फेस्ट में शामिल होने के लिए कोई फीस नहीं है।
फेस्ट से पहले पर्सनैलिटी डेवलपमेंट की ट्रेनिंग
डीएचई संदीप हंस ने बताया कि जॉब फेस्ट का मकसद युवाओं को डिग्री के साथ रोजगार दिलाना है। जॉब फेस्ट में हिस्सा लेने से पहले सभी कॉलेजों में पर्सनैलिटी डेवेलपमेंट और इंटरव्यू की तैयारी के लिए सेमिनार व वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। सभी सरकारी कॉलेजों में प्लेसमेंट सेल स्थापित किए गए हैं।
कोट्स
जॉब फेस्ट के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जनवरी के अंत में जॉब फेस्ट कराने की योजना है। इस संबंध में इसी हफ्ते डीएचई से अप्रूवल के लिए फाइल भेजी जाएगी।
- प्रो. जेके सहगल, वाइस प्रिंसिपल एंड चीफ को-आर्डिनेटर, जीसी-46
कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए इस साल भी जॉब फेस्ट आयोजित किया जाएगा। जल्द ही इस संबंध में कमेटी गठित की जाएगी। पिछले कई वर्षों से जॉब फेस्ट को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।
- संदीप हंस, डायरेक्टर, हायर एजुकेशन, चंडीगढ़