बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी ने मेडिकल के पीजी कोर्स में दाखिले के लिए शनिवार से शुरू होने वाली काउंसलिंग स्थगित कर दी है। यह कदम पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में दायर एक याचिका पर जारी हुए स्थगन आदेश के आधार पर उठाया गया है।
जानकारी के अनुसार बाबा फरीद विवि ने एमडी,एमएस, एमडीएस और पीजी डिप्लोमा समेत छह माह के अल्ट्रा सोनोग्राफी कोर्स में दाखिला के लिए 28 से 30 मार्च तक काउंसलिंग रखी हुई थी।
इस काउंसलिंग में बाबा फरीद विवि के माध्यम से एमबीबीएस और बीडीएस करने वाले डॉक्टरों को ही आरक्षण का लाभ दिया जाना था जिसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर हुई थी।
इस मामले में हाईकोर्ट ने विवि की काउंसलिंग पर रोक लगाते हुए अगली सुनवाई 31 मार्च को रखी है। विवि के ज्वाइंट रजिस्ट्रार सतपाल सिंह ने बताया कि विवि ने हाईकोर्ट के निर्देश अनुसार काउंसलिंग स्थगित कर दी है और सभी उम्मीदवारों को एसएमएम से सूचित कर दिया गया है।
शुक्रवार को ही विवि ने एनआरआई कोटे की पीजी सीटों के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन किया जिसके नतीजे की भी घोषणा कर दी गई है।