प्रदेश सरकार ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए पीजी में 174 सीटें और बढ़ाने का फैसला किया है। यह सीटें विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में बढ़ाई जाएंगी। इनकी मान्यता के लिए 30 अप्रैल तक मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) में आवेदन करना होगा। अगले शैक्षिक सत्र से इन सीटों पर दाखिले देने की तैयारी है।
हाल के वर्षों में प्रदेश में एमबीबीएस की तो सीटें बढ़ती जा रही हैं, लेकिन परास्नातक में पिछले पांच वर्षों में एक भी सीट का इजाफा नहीं हुआ है। इस कारण सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञों की कमी बढ़ती जा रही है।
इसे देखते हुए सरकार ने सूबे में परास्नातक पाठ्यक्रम (एमडी व एमएस) में सीटें बढ़ाने का फैसला किया है। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा अनूप चन्द्र पांडेय ने बताया कि अभी सूबे में पीजी की 734 सीटें हैं। अब पीजी की 174 सीटें बढ़ाने का फैसला किया गया है। सभी मेडिकल कॉलेजों व संस्थाओं को एमसीआई में 30 अप्रैल, 2016 तक हर हाल में आवेदन करने के निर्देश दे दिए गए हैं।