राजकीय मेडिकल कॉलेज के छह और विभागों में पीजी कोर्स के लिए एमसीआई (मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया) ने मान्यता नहीं दी है। छह और 12 फरवरी को हुई एमसीआई की बैठकों में इन विभागों में पीजी कोर्स शुरू करने के लिए अयोग्य पाया गया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में पीजी कोर्स शुरू करने के लिए एमसीआई को भेजे गए 18 विभागों के आवेदनों में से एमसीआई 13 पर अपना फैसला दे चुकी है। 28 और 29 जनवरी को हुई बैठक में सात विभागों में से एकमात्र एनाटॉमी विभाग को चार सीटें आवंटित की गई थी।
पीजी कोर्स कराने के लिए योग्य नहीं
इसके बाद 6 और 12 फरवरी को हुई बैठकों में अन्य छह विभागों को एमसीआई बोर्ड ने वर्ष 2014-15 के लिए पीजी कोर्स कराने के लिए योग्य नहीं माना है।
अयोग्य करार दिए गए विभागों में एमडी फोरेंसिक मेडिसिन, एमडी एनेस्थीसिया, एमडी माइक्रोबायलॉजी, एमडी टीबी एंड रेस्पाइरेट्री, एमएस ऑब्स एंड गाइनी और एमएस ईएनटी शामिल हैं। एमसीआई ने इन विभागों में सुधार के लिए भी कई सुझाव दिए हैं। एमसीआई ने इसकी जानकारी अपनी आधिकारिक बेबसाइट पर जारी कर दी है।
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट न होना बनी बाधा
बीते डेढ़ वर्ष से बेस अस्पताल में ब्लड सेपरेशन यूनिट के लिए उपकरण आ जाने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण न होने के कारण ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट को शुरू नहीं किया गया। अधिकांश विभागों को अयोग्य मानने के मुख्य कारणों में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट न होना भी है।