बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में एमबीए के पांच कोर्सेज की फीस अब 40 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर कर दी गई है।
अभी तक बीबीएयू में 75 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर फीस वसूली जा रही थी। नए सत्र में दाखिला लेने वाले स्टूडेंट्स को बीबीएयू ने तोहफा देते हुए प्रति सेमेस्टर 35 हजार रुपये फीस घटा दी है।
इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि बीते साल एमबीए कोर्सेज में अधिक दाखिले नहीं हुए थे। अब फीस घटाकर स्टूडेंट्स को लुभाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल, यूनिवर्सिटी प्रशासन का दावा है कि अभी तक स्टूडेंट्स को कोर्सेज के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। उम्मीद है कि इस बार अधिक से अधिक सीटें भरेंगी।
बीबीएयू के प्रवक्ता डॉ. गोविंद जी पांडेय ने बताया कि कोर्सेज में एमबीए ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, एमबीए मार्केटिंग मैनेजमेंट, एमबीए मीडिया बिजनेस मैनेजमेंट, एमबीए टूरिज्म मैनेजमेंट व एमबीए एग्जीक्यूटिव मैनेजमेंट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कुलपति प्रो. आरसी सोबती ने इन सभी कोर्सेज की फीस घटाने की सहमति दे दी है। अभी बीबीएयू में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन भी मिल रहे हैं।
ऐसे में स्टूडेंट्स को इसका फायदा मिलेगा। संभवत: बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स का रुझान बीबीएयू की ओर होगा।
इस बार बीबीएयू पीजी व इनोवेटिव एंड कंटमप्रेरी कोर्सेज में दाखिले के लिए ऑनलाइन एडमिशन टेस्ट भी करा रहा है। बीबीएयू प्रशासन का कहना है कि स्नातक अंतिम वर्ष में पढ़ रहे स्टूडेंट्स को भी फॉर्म भरने का मौका दे रहे हैं।
मालूम हो कि एमबीए विभाग ने बीबीएयू प्रशासन को इन कोर्सेज की फीस घटाकर 35 हजार रुपये करने का प्रस्ताव भेजा था।
कुलपति प्रो. आरसी सोबती ने इस प्रस्ताव पर विचार-विमर्श करने के बाद एमबीए कोर्सेज की फीस 75 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर से घटाकर 40 हजार रुपये प्रति सेमेस्टर कर दी है।