जिले के कई युवा रविवार को बार-बार लग रहे बिजली कट और सर्वर डाउन होने के कारण सरकारी नौकरी से वंचित रह गए। इससे युवाओं के साथ साइबर कैफे संचालक भी हतोत्साहित नजर आए।
हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन कमीशन ने विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए 20 दिसंबर को विज्ञापन प्रकाशित किया था। आवेदकों को निर्देश थे कि 19 जनवरी शाम पांच बजे तक ऑनलाइन अपना फार्म जमा करा दें।
यह भी पढ़ें: रेलवे में बंपर भर्ती, 10वीं पास करें आवेदन
रविवार को आवेदन जमा कराने का अंतिम दिन होने के कारण सुबह से ही युवा भारी संख्या में साइबर कैफे पर इकट्ठा होने लगे। युवाओं को मायूसी उस वक्त हुई, जब सर्वर डाउन होने लगा और बीच-बीच में बिजली कट लगने लगे।
पटेल नगर निवासी अमन शर्मा ने बताया कि वह पिछले डेढ़ घंटे से अपना नंबर आने का इंतजार कर रहे हैं। कैफे संचालक विक्की ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण एक फार्म भरने में एक से डेढ़ घंटे का समय लग रहा है।
यह भी पढ़ें: समूह ग के 443 पदों पर भर्ती, करें आवेदन
पहले इतने समय में 80 से 100 फार्म जमा हो जाते थे। उन्होंने इस उम्मीद पर सुबह सात बजे ही कैफे खोल दिया था कि आज अतिरिक्त आय होगी। सर्वर डाउन और बिजली कट ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया है।
क्या फीडरों के मेंटेनेंस के कारण हुई परेशानी?
शहर के विभिन्न हिस्सों में पिछले तीन दिनों से हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। कुछ हिस्सों में तो बिजली के फीडरों की मरम्मत का काम चल रहा है। लेकिन दर्जनभर से अधिक ऐसी कॉलोनियां हैं, जहां पर अघोषित रूप से बिजली कटौती की जा रही है। इससे लोगों को पीने के पानी तक के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: पाइए नौकरी, इंडियन ऑयल में करें आवेदन
रविवार को भी शहर के विभिन्न हिस्सों में पावर कट ने लोगों को खूब परेशान किया। बिजली विभाग की ओर से रविवार को सात बिजली फीडरों पर मरम्मत का कार्य हुआ। इससे भी कई क्षेत्रों के लोगों को परेशानी आई। बिजली विभाग की ओर से 11 केवी इलेक्ट्रॉनिक सिटी, पोटाश, सूर्य विहार फेज-1, सूर्य विहार फेज-2, डूंडाहेड़ा फेज-1, डूंडाहेड़ा फेज-2 और कैंटोन मार्केटिंग फीडरों की मरम्मत की गई।
इस कारण सुबह नौ से शाम पांच बजे तक बिजली प्रभावित रही। इससे डूंडाहेड़ा, इलेक्ट्रॉनिक सिटी, सेक्टर-18, उद्योग विहार फेज-4 के कुछ क्षेत्रों व कैंटोन क्षेत्र के निवासियों और कंपनियों को परेशानी हुई। हालांकि यह पावर कट बिजली विभाग ने लोगों को सूचना देकर की थी। परेशानी उन लोगों को हुई जहां पर पावर कट अघोषित रूप से था।
लक्ष्मण विहार, हीरा नगर, 4/8 मरला, मियांवाली कॉलोनी, लक्ष्मी गार्डन, झाड़सा, राजेंद्रपार्क, पटेल नगर, पालम विहार और वजीराबाद में काफी कटौती हुई। इन क्षेत्रों में पानी के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ा।