एलयू के लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट हरीश पांडेय को जैसे ही कुलपति डॉ. एसबी निमसे ने हेल्थ कार्ड दिया, उसकी खुशी देखते ही बन रही थी।
सिर्फ हरीश ही नहीं यहां पर रहने वाले सभी 150 छात्र हेल्थ कार्ड पाकर खुश थे। इससे अब वे किसी भी हॉस्पिटल में 25 हजार रुपये तक का मुफ्त इलाज पा सकेंगे।
इस कार्ड की वैधता एक वर्ष होगी और आगे एचडीएफसी इरगो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड नया हेल्थ कार्ड इश्यू कर देगा। स्टूडेंट को हेल्थ कार्ड के साथ एलयू की ओर से मिला परिचय पत्र रखना होगा।
किसी भी हॉस्पिटल में जाकर यह दोनों कार्ड दिखाने पर उन्हें मुफ्त इलाज की सुविधा मिल जाएगी। जुलाई से हॉस्टल के अलावा सभी अन्य स्टूडेंट्स को भी हेल्थ कार्ड इश्यू कर दिया जाएगा।
यूनिवर्सिटी हेल्थ कार्ड की वैल्यू 25 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये करने पर विचार कर रही है। आगे एलयू के सभी स्टूडेंट्स को हेल्थ कार्ड दिया जाएगा।
एलबीएस हॉस्टल के प्रोवोस्ट प्रो. एसपी त्रिवेदी ने कहा कि यह हेल्थ कार्ड एटीएम की तरह है। कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अनिल शुक्ला ने कहा कि हेल्थ कार्ड का प्रीमियम 150 रुपये है और इस पर 12.5 प्रतिशत टैक्स लिया जा रहा है।
आगे कोशिश की जाएगी कि स्टूडेंट्स को एक लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त मिले। विवि प्रशासन से इसे लेकर बात की जा रही है। अगर सबकुछ ठीक रहा तो जुलाई से यह सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में चीफ प्रोवोस्ट प्रो. राजकुमार सिंह ने बताया कि आगे एलयू प्रशासन स्टूडेंट्स को एंबुलेंस की सुविधा भी देगा। हॉस्टल में एलयू प्रशासन की ओर से पंखे और कुर्सियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
बीते दिनों बाबूगंज में स्थित बाला जी स्वीट्स पर तोड़फोड़ व उपद्रव की घटना ने एलयू प्रशासन को झकझोर दिया है। कार्यक्रम में चीफ प्रोवोस्ट प्रो. राजकुमार सिंह ने कहा कि इससे यूनिवर्सिटी की छवि खराब हुई है।
उन्होंने हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स को सलाह दी कि वे यहां घर की तरह माहौल बनाकर रहें। जो स्टूडेंट आचरण में अच्छे हैं, उन्हें चाहिए कि वह कैंपस में एकजुट होकर रहें और शरारती छात्रों की शिकायत करें।