लखनऊ विश्वविद्यालय में इस बार टॉपर्स की लिस्ट में बेटियों ने बाजी मार ली है। इस बार सबसे ज्यादा 11 गोल्ड मेडल एमएससी मैथ्स की की छात्रा नूपुर अग्रवाल के खाते में गए हैं।
इन्हें एमएससी मैथ्स में 86.3 प्रतिशत अंक मिले हैं। एमए (एआईएच) की छात्रा प्रज्ञा बौद्घ के खाते में 10 गोल्ड मेडल आए हैं। इन्होंने 69.05 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
वहीं एमएससी फिजिक्स की छात्रा प्रज्ञा बाजपेई ने 75.5 प्रतिशत अंक पाकर 7 गोल्ड मेडल और एमए राजनीति विज्ञान की छात्रा गिनी बृज ने 66.42 प्रतिशत अंक पाकर 6 गोल्ड मेडल और एलएलबी (त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम) के छात्र आशीष पांडेय ने 68.25 प्रतिशत अंक पाकर 5 गोल्ड मेडल हासिल किए हैं।
इसके अलावा एमए अंग्रेजी की छात्रा पंखुड़ी सिंह ने 63.75 प्रतिशत अंक पाकर 4, एमकॉम की अनुजा अग्रवाल ने 76.06 प्रतिशत अंक पाकर 4, एमएससी भूगर्भ विज्ञान में 83.58 प्रतिशत अंक लाने वाली संध्या बाजपेई को 4 गोल्ड मिले।
वहीं एमपीए में 75.64 प्रतिशत अंक पाने वाली सुष्मिता सक्सेना को 4, एमए सोशल वर्क में 72.07 प्रतिशत अंक लाने वाली छात्रा शीरीन सईदा को 4 व बीए में सर्वाधिक 78.33 प्रतिशत अंक लाने वाले छात्र प्रियंकेश दीक्षित को 4 गोल्ड मेडल मिले हैं।
इन सभी मेधावियों को 9 जनवरी 2014 को होने वाले दीक्षांत समारोह में उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी सम्मानित करेंगे।
लखनऊ विश्वविद्यालय ने शनिवार देर शाम 159 गोल्ड मेडल की सूची जारी कर दी। लविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अकील अहमद ने बताया कि यह सूची वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि सूची में सभी मेधावियों के अंक और उनके रोलनंबर दिए गए हैं। अगर इस पर किसी को कोई आपत्ति हो तो वह 23 दिसंबर तक शिकायत कर सकता है। इसके बाद कोई आपत्ति दर्ज नहीं की जाएगी।