करीब दो साल से वाई-फाई सुविधा को तरस रहे लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। इस साल दिसंबर तक एलयू को वाई-फाई किए जाने का दावा है। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के अंतर्गत विवि के दोनों परिसरों को वाई-फाई जोन बनाने के साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र खोलने की भी तैयारी चल रही है।
इसके लिए एक एक्सपर्ट कमेटी बनाई जा रही है। कुलपति प्रो. एसबी निमसे ने बताया कि इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग की अध्यक्ष प्रो. भारती द्विवेदी की अध्यक्षता में बनने वाली इस कमेटी में आईआईटी कानपुर के एक शिक्षक समेत दो एक्सपर्ट शामिल होंगे। प्रयास है कि 15 अक्तूबर से पहले कमेटी के साथ बैठक कर इस योजना का ब्लू प्रिंट तैयार कर प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
बनेगा कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र
लखनऊ विश्वविद्यालय में एक कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की भी योजना है। कुलपति ने कहा कि कुछ कम्पनियों से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत भी सहायता लेने का प्रयास है जिससे कि अनुदान कम पड़ने पर प्रोजेक्ट में दिक्कत न हो।
एक दिग्गज आईटी कम्पनी का सहयोग कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र बनाने में लिया जाएगा। इस केंद्र में जहां छात्र-छात्राओं को साइबर कैफे की तरह इंटरनेट सुविधा मिलेगी वहीं कंप्यूटर प्रशिक्षण के पाठ्यक्रम भी चलाए जाएंगे। ये कोर्स निशुल्क भी हो सकता है।