लॉरेटो कॉन्वेंट कॉलेज में नर्सरी में दाखिले के लिए फॉर्म गुरुवार से जमा होने शुरू हो गए। फॉर्म जमा करने के लिए 500 अभिभावकों को बुलाया गया था।
लॉरेटो कॉन्वेंट इंटरमीडिएट में सत्र 2015-16 के लिए नर्सरी की 80 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 27 और 28 अक्तूबर को फॉर्म बांटे गए थे।
इसके बाद फॉर्म जमा करने के लिए गुरुवार को कॉलेज के गेट बाहर सुबह छह बजे से ही लाइन लगनी शुरू हो गई थी। सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर पर कॉलेज का गेट खोल दिया गया।
छोटे गेट से पुरुष व बड़े गेट से महिलाओं को एंट्री दी जानी थी पर काउंटर पहले पहुंचने की हड़बड़ाहट में एक बार फिर से अभिभावकों ने दौड़ लगा दी। अभिभावकों को इंटरव्यू की तिथि भी दे दी गई। लॉरेटो कॉन्वेंट में गुरुवार को फॉर्म संख्या एक से 500 तक फॉर्म जमा हो गए।
शुक्रवार को अंतिम दिन सुबह 10 से 11 बजे तक 501 से आखिरी तक सभी फॉर्म जमा होंगे। अभिभावकों और बच्चों के साक्षात्कार लिए जाएंगे।
माउंट कार्मल में 10 दिसंबर से मिलेंगे फॉर्म
महानगर स्थित माउंट कार्मल कॉलेज में केजी सेक्शन में एडमिशन कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। फॉर्म 10, 11 व 12 दिसंबर को मिलेंगे। फॉर्म भरने के लिए वे लड़कियां पात्र होंगी, जिनका जन्म अक्तूबर-2010 से सितंबर 2011 के बीच हुआ हो।
बच्ची की दो पासपोर्ट साइज फोटो, हॉस्पिटल और नगर निगम से जारी जन्म प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य है। फॉर्म 19 से 21 जनवरी तक सुबह नौ से 12 बजे तथा दोपहर दो से पांच बजे के बीच जमा होंगे।
माउंटफोर्ट में बिना इंटरव्यू मिलेगा एडमिशन
महानगर स्थित माउंटफोर्ट स्कूल में दाखिले के लिए बच्चे का किसी प्रकार का साक्षात्कार नहीं लिया जाएगा।
स्कूल प्रशासन ने शैक्षिक सत्र 2015-16 के लिए एलकेजी के साथ-साथ पहली बार प्री-नर्सरी में दाखिले का कार्यक्रम जारी कर दिया।
प्री-नर्सरी में एडमिशन के लिए फॉर्म आठ, नौ और 10 दिसंबर को कॉलेज में सुबह नौ से साढ़े 11 बजे के बीच दिए जाएंगे। फॉर्म का मूल्य 400 रुपये रखा गया है।
एलकेजी में एडमिशन के लिए 25 नवंबर से मिलेंगे। एलकेजी की 180 सीटों पर एडमिशन के लिए फॉर्म 25, 26 व 27 नवंबर नौ से साढ़े 11 बजे तक प्राप्त कर सकते हैं।